Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बीएसएफ ने गोली का जवाब गोले से दिया’, BSF अलंकरण समारोह में बोले अमित शाह

May 23, 2025

‘बीएसएफ ने गोली का जवाब गोले से दिया’, BSF अलंकरण समारोह में बोले अमित शाह

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अलंकरण समारोह में कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी की दुनिया में सराहना हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ ने गोली का जवाब गोले से दिया। आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया। ऑपरेशन सिंदूर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शानदार काम किया। हमने पाकिस्तान में आतंकी अड्डों को तबाह किया।

उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन पाकिस्तान के आतंकवादी हमलों का जवाब था, खासकर पहलगाम में हुए निर्दोष नागरिकों के हत्याकांड के बाद। अमित शाह ने कहा, “पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को उनके परिवारों के सामने उनके धर्म के आधार पर मार दिया था, और ऑपरेशन सिंदूर उसी हमले का जवाब था। आज पूरी दुनिया भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी की सराहना कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “ऑपरेशन सिंदूर तब हुआ जब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, खुफिया एजेंसियों से मिली सटीक जानकारी, और सेना की ताकत एक साथ आई। यह तीनों मिलकर पाकिस्तान के आतंकवादियों को जवाब देने के लिए तैयार हुए।” गृह मंत्री ने पाकिस्तान द्वारा पिछले कई दशकों से भारत में आतंकवाद फैलाने का उल्लेख किया और बताया कि, “पाकिस्तान ने कई बड़े हमले किए हैं, लेकिन इन्हें माकूल जवाब नहीं मिला।

उरी हमले और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र
जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब उरी में हमारे सैनिकों पर हमला हुआ। इस हमले में सैनिकों को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन इसके बाद ही हमने सर्जिकल स्ट्राइक का फैसला लिया और आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया।”

BSF की जमकर की सराहना 
अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की सराहना करते हुए कहा, “जब यह निर्णय लिया गया कि एक सीमा पर एक बल सुरक्षा प्रदान करेगा, तो बीएसएफ को पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। आपने अपनी क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन करते हुए इन सीमाओं की सुरक्षा की है।” इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री ने बीएसएफ के जवानों की बहादुरी को सलाम करते हुए उनकी कड़ी मेहनत और बलिदान की सराहना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें