Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बरनाला मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था का लिया जायज़ा, किसानों को दिलाया भरोसा

April 23, 2025

कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बरनाला मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था का लिया जायज़ा, किसानों को दिलाया भरोसा

बरनाला: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आज बरनाला की अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया और किसानों, मजदूरों व व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री कटारूचक ने दावा किया कि पूरे राज्य में गेहूं खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और सरकार मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश की मंडियों में लगभग 60 लाख मीट्रिक टन गेहूं पहुंच चुका है, जिसमें से 54 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। सरकार ने गेहूं की खरीद के एवज में किसानों को करीब 8,000 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और मंडियों में उठान कार्य भी तेज़ी से जारी है।

मंत्री कटारूचक ने आगजनी से प्रभावित फसलों पर भी चिंता जताई और कहा कि प्रभावित किसानों की गिरदावरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उन्हें उचित मुआवजा प्रदान करेगी। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की घटना की निंदा करते हुए मंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। यह दौरा सरकार के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य फसल खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और किसानों के अनुकूल बनाना है।

ये भी पढ़ें: शेयर बाजार में हलचल ला सकते है ये 5 फैक्टर्स, RBI मीटिंग और US-ईरान तनाव पर टिकी नजर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें