Site icon Dainik Savera Times

छत्तीसगढ़: सरगुजा में SUV और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 5 घायल

Firozabad Road Accident

Firozabad Road Accident

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विशुनपुर गांव के करीब एक तेज रफ्तार एसयूवी (बोलेरो) और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बोलेरो वाहन में सवार 5 लोगों राजकुमार अगरिया (55), राजकुमार की पुत्री अंजली अगरिया (25), सूरज अगरिया (14), एक वर्षीय बालक माही और आयुष (10) की मौत हो गई है तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि रेवापुर-सखौली गांव निवासी ग्रामीण बोलेरो वाहन में सवार होकर महाशिवरात्रि में दर्शन के लिए करीब के किलकिला शिव मंदिर गए थे। जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे तब विशुनपुर गांव के करीब उनका वाहन ट्रक से टकरा गया। इस घटना में राजकुमार, अंजली, सूरज और माही की मौके पर ही मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। बाद में पुलिस दल ने शवों और घायलों को अस्पताल भेजा जहां इलाज के दौरान आयुष की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है। ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जो अपना वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक में आग लगा दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, 53 खातों में विदेशी फंडिंग का खुलासा; NIA करेगी जांच
Exit mobile version