Site icon Dainik Savera Times

‘महागठबंधन AC कमरों में बंद, बिहार में NDA दर्ज करेगा ऐतिहासिक जीत’, चिराग पासवान का बड़ा बयान

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एनडीए की ओर से ज़मीनी स्तर पर लगातार प्रचार हो रहा है, जबकि महागठबंधन के नेता अब तक “एसी कमरों” से बाहर नहीं निकले हैं।

 ये भी पढ़ें: 24000 हुए सस्ती हुई चांदी, सोने के भी गिरे दाम… रिकॉर्ड हाई के बाद आई बड़ी गिरावट

बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे: चिराग पासवान 

गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “हमारे लगातार प्रचार करने से हमारी आवाज़ भारी हो गई है, लेकिन महागठबंधन के नेता अभी भी एसी कमरों में बैठे हैं। उनकी आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की एकता नहीं दिखी, सिर्फ़ एक आदमी का चेहरा नजर आ रहा था। यह ‘गठबंधन धर्म’ नहीं है। कांग्रेस को इस पर चिंता करनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही पहले चरण के नामांकन पूरे हुए एनडीए के सभी दलों ने तुरंत प्रचार शुरू कर दिया, और जनता का रुख साफ तौर पर एनडीए के पक्ष में है। चिराग ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस बार बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और 14 नवंबर को सरकार बनाएंगे।”

महागठबंधन पर “अहंकार और महत्वाकांक्षा” का आरोप

पासवान ने कहा कि महागठबंधन की देरी और अंदरूनी मतभेद उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है। उन्होंने कहा, “अहंकार और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के कारण उन्होंने अपने ही गठबंधन की बलि दे दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक चेहरा ही छाया हुआ था, बाकी पार्टियां गायब दिखीं।

कांग्रेस की सफाई, गठबंधन में कोई मतभेद नहीं

इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने महागठबंधन के भीतर किसी तरह के टकराव की बात को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा,“जो भी ज़रूरी फैसले लेने थे, वो ले लिए गए हैं। हमारे बीच कोई विवाद नहीं है। विपक्ष कुछ भी कहे, लेकिन हम पूरी तरह एकजुट हैं।”

खेड़ा ने प्रशांत किशोर के इस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि “मुख्य मुकाबला एनडीए और जन सुराज के बीच है।” उन्होंने कहा, “सपने देखना सबका हक है। हमें पूरा भरोसा है कि बिहार की जनता महागठबंधन के साथ है।” उन्होंने विपक्ष के आरोपों को “गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश” बताया। खेड़ा ने सवाल किया कि, “क्या यह मुद्दा है कि पोस्टर में किसकी तस्वीर है? क्या यह बिहार के युवाओं की परेशानी सुलझाएगा?”

 ये भी पढ़ें: ‘बचके रहना रे मोदी जी’, आसियान सम्मेलन में वर्चुअल भागीदारी पर जयराम रमेश का तंज

“हम दिखावे पर नहीं, मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं”

जब कांग्रेस नेताओं के नामांकन के दौरान उम्मीदवारों के साथ न जाने पर सवाल पूछा गया, तो खेड़ा ने कहा, “हम दिखावे पर नहीं, मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार की जनता बेरोज़गारी और महंगाई से परेशान है। यह ‘बैंड-बाजा’ का वक्त नहीं है।”

तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार

सूत्रों के अनुसार, राजद नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की संभावना है। गठबंधन की यह घोषणा एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी। तेजस्वी यादव पहले भी उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में वे विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।

Exit mobile version