Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अध्यक्ष बने कांग्रेस प्रमुख खरगे, नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से किया इनकार

January 13, 2024

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अध्यक्ष बने कांग्रेस प्रमुख खरगे, नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से किया इनकार

पटना। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में शामिल दलों की शनिवार को वर्चुअल बैठक हुई। इस बैठक में जदयू की ओर से अध्यक्ष नीतीश कुमार, पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह और प्रदेश के मंत्री संजय झा शामिल हुए। बैठक में नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन के संयोजक बनाए जाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। बैठक से निकलने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने बताया कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संयोजक बनाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को ही इंडिया गठबंधन का चेयरमैन बनना चाहिए।

संजय झा के मुताबिक नीतीश कुमार ने संयोजक बनने को लेकर अपनी सहमति नहीं दी। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि मेरी किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन बनने के बाद से ही किसी भी पद में दिलचस्पी से इनकार करते रहे हैं। हालांकि, उनके संयोजक बनाए जाने के कयास लगते रहे हैं।

कांग्रेस प्रमुख खरगे को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति
विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नाम पर शनिवार को आम सहमति बन गयी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। विपक्षी दलों के नेताओं ने डिजिटल माध्यम से बैठक की और गठबंधन के विभिन्न पहलुओं तथा अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता बैठक में शामिल नहीं हुए।

सूत्रों के मुताबिक, खरगे को ‘इंडिया’ का अध्यक्ष बनाने पर आम सहमति बनी। सूत्रों ने कहा कि नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने का भी फैसला किया, लेकिन अंतिम फैसला उन पार्टियों से परामर्श करने के बाद लिया जाएगा, जिनके प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं थे। आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के बैनर तले 28 विपक्षी दल एक साथ आए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें