Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

WEATHER UPDATE NEWS : उत्तर भारत में गर्मी से कूलर-AC हुए फेल! IMD ने जारी किया अलर्ट, इस दिन होगी बारिश

June 12, 2025

WEATHER UPDATE NEWS : उत्तर भारत में गर्मी से कूलर-AC हुए फेल! IMD ने जारी किया अलर्ट, इस दिन होगी बारिश

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, 12 और 13 जून को भीषण लू और धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में नमी की मात्रा 25 प्रतिशत के आसपास रहेगी। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

13 जून को भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, लेकिन इस दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चलने और बारिश की संभावना के कारण तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

कल से तापमान में गिरावट शुरू होने की उम्मीद
14 जून से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। उस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। बारिश की संभावना के बावजूद उस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद, 15 से 18 जून तक मौसम में स्थिरता रहने की संभावना है, जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश की हल्की गतिविधि संभव है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

दोपहर के समय घर से बाहर न निकले 
मौसम विभाग ने नागरिकों को लू से बचाव के लिए दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने, अधिक पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहा है, लेकिन 13 जून की रात से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इसके बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लोगों को अगले दो दिन विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें