Dainik Savera Times

श्रमिकों के लिए बड़ी खबर, दिल्ली सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई 

नेशनल डेस्क: दिल्ली सरकार ने मंगलवार को एक बड़ी घोषणा की, जिससे लाखों श्रमिकों को राहत मिलेगी। सरकार ने सभी श्रेणियों के श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की है। यह नई वेतन दरें 1 अप्रैल, 2025 से लागू होंगी।

नई वेतन दरें:
– अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन अब ₹18,456 होगा।
– स्नातक या उससे अधिक योग्यता रखने वाले श्रमिकों को अब ₹24,356 प्रति माह मिलेंगे।

सरकार ने बताया कि ये बदलाव महंगाई को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं, ताकि श्रमिकों को आर्थिक राहत मिल सके।

स्कूलों की मनमानी पर मुख्यमंत्री सख्त
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कुछ निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों और बच्चों के साथ किए जा रहे कथित शोषण पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “कोई भी स्कूल अभिभावकों को धमका नहीं सकता या मनमाने तरीके से फीस नहीं बढ़ा सकता। अगर ऐसा किया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी।” मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन स्कूलों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

क्वीन मैरी स्कूल का मामला सामने आया
रेखा गुप्ता ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट में बताया कि एक जन संवाद कार्यक्रम में क्वीन मैरी स्कूल, मॉडल टाउन के बारे में अभिभावकों ने शिकायत की कि स्कूल गलत तरीके से फीस वसूल रहा है बच्चों को स्कूल से निकालने की धमकी दी जा रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा में पारदर्शिता, बच्चों के अधिकारों की रक्षा और समान अवसर देना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अनियमितता या अन्याय को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

Exit mobile version