इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने यूक्रेन के खिलाफ रूस द्वारा किए जा रहे लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों की तीखी आलोचना करते हुए पुतिन को “पागल” करार दिया। ट्रंप ने कहा कि वह पुतिन के साथ अपना धैर्य खो रहे हैं और उन्होंने पुतिन की गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
“पुतिन पागल हो गए हैं”… ट्रंप
आपको बता दें कि रविवार को डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन अब कुछ बदल गया है। वे बिल्कुल पागल हो गए हैं। पुतिन अनावश्यक रूप से कई लोगों की जान ले रहे हैं। यूक्रेन के शहरों पर बिना किसी कारण के मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं।” यह पोस्ट रूस द्वारा कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के तीसरे दिन की घटना के बाद आया है।
यूक्रेन पर रूस का सबसे बड़ा हवाई हमला
रूसी हमले के बाद यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि यह फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत के बाद अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला था। इस हमले में 12 लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए। ट्रंप ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे “नैतिक रूप से गलत” बताया।
“यह रूस के पतन का कारण बनेगा”
ट्रंप ने पुतिन को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर पुतिन पूरे यूक्रेन पर कब्जा करना चाहते हैं, तो यह रूस के पतन का कारण बनेगा।” ट्रंप ने पुतिन की नीति पर कड़ा हमला किया और कहा कि यह रूस के लिए विनाशकारी होगा। साथ ही, उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को भी आलोचना का निशाना बनाया। ट्रंप ने कहा, “जेलेंस्की जिस तरह से बात कर रहे हैं, उससे अपने देश को कोई फायदा नहीं हो रहा। उनके मुंह से निकलने वाली हर बात एक नई समस्या पैदा करती है। यह सब कुछ रुकना चाहिए।”
पुतिन के काम से असहमत: “यह बिल्कुल पसंद नहीं है”
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि वह पुतिन के काम से खुश नहीं हैं। नॉर्थ न्यू जर्सी से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा, “मैं पुतिन को काफी वक्त से जानता हूं, लेकिन अब उनका तरीका पूरी तरह बदल चुका है। वे अब निर्दोष नागरिकों को मार रहे हैं और शहरों में रॉकेट दाग रहे हैं। मुझे यह बिल्कुल भी पसंद नहीं है।” इससे साफ है कि ट्रंप ने पुतिन की नीतियों और उनके द्वारा यूक्रेन पर की जा रही बर्बरता की कड़ी आलोचना की है। उनके बयान से यह भी प्रतीत होता है कि वह पुतिन के खिलाफ एक सख्त रुख अपनाने के पक्ष में हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...