Site icon Dainik Savera Times

लो ब्लड प्रेशर होने पर न घबराएं… अपनाएं ये 3 असरदार घरेलू उपाय, जानें एक्सपर्ट्स की राय

Low Blood Pressure : हाई ब्लड प्रेशर जितना खतरनाक माना जाता है, उतना ही लो ब्लड प्रेशर (Low BP) भी स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकता है। यह एक आम लेकिन गंभीर समस्या है, जो अचानक किसी को भी हो सकती है। ब्लड प्रेशर कम होने पर व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी, धुंधली दृष्टि, सांस लेने में दिक्कत, हाथ-पैर ठंडे पड़ना और उल्टी जैसा महसूस होना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।

अगर आपके या आपके किसी करीबी के साथ अक्सर ऐसा होता है, तो घबराने की बजाय कुछ आसान उपाय अपनाकर आप स्थिति को बेहतर बना सकते हैं। आइए जानते हैं, इस बारे में हेल्थ एक्सपर्ट्स की क्या सलाह है।

क्या करें जब ब्लड प्रेशर अचानक कम हो जाए?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर ब्लड प्रेशर अचानक 90/60 mmHg या उससे नीचे चला जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे में तीन सरल घरेलू उपाय अपनाकर ब्लड प्रेशर को सामान्य किया जा सकता है।

1. नमक-चीनी का घोल पिएं

बीपी लो होने पर शरीर में फ्लूइड और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। ऐसे में एक गिलास पानी में ½ चम्मच नमक और 1 चम्मच चीनी मिलाकर पीना बेहद फायदेमंद होता है। यह मिश्रण शरीर में फ्लूइड बैलेंस को बहाल करता है और ब्लड प्रेशर को तुरंत बढ़ाने में मदद करता है।

2. पैरों को ऊंचा करें

यदि चक्कर या कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत पीठ के बल लेट जाएं और अपने पैरों को ऊपर की ओर उठा लें (दिल के स्तर से ऊंचा)। इससे शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है और मस्तिष्क तक खून तेजी से पहुंचता है, जिससे ब्लड प्रेशर स्थिर होने लगता है।

3. कैफीन युक्त ड्रिंक लें

एक कप ब्लैक कॉफी या ब्लैक टी लो बीपी में तुरंत राहत दे सकती है। इनमें मौजूद कैफीन, हृदय की गति को बढ़ाकर ब्लड प्रेशर को अस्थायी रूप से बढ़ा देता है। इससे थकावट, सुस्ती और चक्कर जैसी दिक्कतें दूर हो सकती हैं।

किन बातों का रखें विशेष ध्यान?

– ये उपाय केवल तत्काल राहत देने के लिए हैं। अगर लो बीपी की समस्या बार-बार होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
– नमक और कैफीन का सेवन सीमित मात्रा में करें, खासकर अगर आपको दिल से जुड़ी समस्याएं हैं।
– लो बीपी का कारण जानने के लिए समय-समय पर जांच जरूर कराएं।

Exit mobile version