Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

लखनऊ बिल्डिंग हादसे में अब तक आठ की मौत, तीन और शव बरामद

September 8, 2024

लखनऊ बिल्डिंग हादसे में अब तक आठ की मौत, तीन और शव बरामद

लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को गिरी इमारत के मलबे में दबने से आठ लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि बचावकर्मियों ने मलबे से तीन और शव निकाले हैं। दरअसल, सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार को एक बिल्डिंग गिर गई थी। पुलिस ने बताया कि इमारत को करीब चार साल पहले बनाया गया था। हालांकि, बिल्डिंग में अभी भी कुछ काम चल रहा था। शनिवार शाम को 4:45 बजे अचानक बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त ग्राउंड फ्लोर पर लोग काम कर रहे थे।

राहत आयुक्त जीएस नवीन ने रविवार को बताया कि एसडीआरएफ ने बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए हैं, जिनकी पहचान राज किशोर (27), रुद्र यादव (24) और जगरूप सिंह (35) के रूप में हुई है। अब तक आठ लोगों की मौत हुई है। मृतकों में जसप्रीत सिंह साहनी, धीरज गुप्ता, पंकज तिवारी, अरुण सोनकर, राकेश लखन पाल, राज किशोर, रुद्र यादव और जगरूप सिंह शामिल हैं।

इसके साथ ही 5 महिलाओं समेत 28 लोग घायल हुए हैं। घायलों का लखनऊ के लोक बंधु अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटर वर्कशॉप और गोदाम था। पहली मंजिल पर मेडिकल गोदाम और दूसरी मंजिल पर कटलरी का गोदाम था।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला अधिकारियों को राहत प्रयासों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शनिवार को एक्स पोस्ट में लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में इमारत गिरने की घटना का संज्ञान लिया है।‘

आगे कहा, ‘मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।‘

रक्षा मंत्री और लखनऊ से लोकसभा सांसद राजनाथ सिंह ने हादसे पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘लखनऊ में एक भवन के गिरने से हुई दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैंने लखनऊ के जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत करके हालात की जानकारी प्राप्त की है। स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहा है और पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें