Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

ENG vs AFG: Champions Trophy में अफगानिस्तान ने किया बड़ा उलटफेर, इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल की रेस से किया बाहर

February 26, 2025

ENG vs AFG: Champions Trophy में अफगानिस्तान ने किया बड़ा उलटफेर, इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल की रेस से किया बाहर

ENG vs AFG: इब्राहिम जदरान के 177 रन और तेज गेंदबाज अजमतुल्लाह उमरजइ के पांच विकेट की मदद से अफगानिस्तान ने एक रोमांचक मुकाबले में बुधवार को इंग्लैंड को आठ रन से हराकर चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर कर दिया। इंग्लैंड की टीम दो मैच हार चुकी है और अब उसे ग्रुप बी के आखिरी लीग मैच में दक्षिण अफ्रीका से खेलना है जिसके आस्ट्रेलिया के बराबर तीन अंक हैं।

अफगानिस्तान के अब दो अंक है और उसे अगले दौर में पहुंचने के लिये आखिरी ग्रुप मैच में आस्ट्रेलिया को हराना होगा। जीत के लिये 326 रन के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने दो विकेट 30 रन पर गंवा दिये। उमरजइ ने 58 रन देकर पांच अहम विकेट लिये और एक गेंद बाकी रहते इंग्लैंड की पूरी टीम 317 रन पर आउट हो गई।

जो रूट ने 111 गेंद में 120 रन बनाये जिसमें 11 चौके और एक छक्का था । उन्होंने बेन डकेट (38) के साथ तीसरे विकेट के लिये 68 रन की और कप्तान जोस बटलर के साथ पांचवें विकेट के लिये 83 रन की साझेदारी की। डकेट और बटलर के जल्दी आउट होने का खामियाजा इंग्लैंड को भुगतना पड़ा क्योंकि रूट एक छोर पर अकेले पड़ गए थे। रूट ने काफी संयम के साथ बल्लेबाजी की और जोखिम लेने से बचते रहे । उन्होंने राशिद खान की गेंद पर एक रन लेकर 17वां एक दिवसीय शतक पूरा किया । वह उमरजइ की गेंद पर विकेट के पीछे रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच देकर लौटे।

जैमी ओवरटन ने 28 गेंद में 32 रन बनाकर जीत की उम्मीदें कायम रखी थी लेकिन उमरजइ ने उन्हें भी रवाना कर दिया। इससे पहले सलामी बल्लेबाज जदरान के 177 रन की मदद से अफगानिस्तान ने सात विकेट पर 325 रन बनाये।

जदरान ने 146 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और छह छक्के जड़े । कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने उनका पूरा साथ निभाते हुए 67 गेंद में 40 रन बनाये और चौथे विकेट की साझेदारी में 103 रन भी जोड़े। अजमतुल्लाह उमरजइ ने 31 गेंद में 41 रन बनाये और पांचवें विकेट के लिये 72 रन की साझेदारी की।

बाद में जदरान ने मोहम्मद नबी के साथ छठे विकेट के लिये 111 रन जोड़े । नबी ने 24 गेंद में 40 रन बनाये। इस मैच की विजेता टीम की ग्रुप बी से सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रहेंगी और दूसरी टीम बाहर हो जायेगी। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन पहले दस ओवर में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने उन्हें दबाव में रखा । आर्चर ने 64 रन देकर तीन विकेट लिये।

रहमतुल्लाह गुरबाज उनका पहला शिकार बने। वहीं सेदिकुल्लाह अतल को उन्होंने पगबाधा आउट किया और रहमत शाह ने स्क्वेयर लेग पर आदिल रशीद को कैच थमाया। अफगानिस्तान ने पावरप्ले के भीतर तीन विकेट 37 रन पर गंवा दिये।

इसके बाद जदरान और शाहिदी ने पारी को संभाला। जदरान ने पहला पचासा 65 गेंद में पूरा करने के बाद जैमी ओवरटन को लगातार दो चौके लगाकर दबाव कम किया। दूसरी ओर लेग स्पिनर रशीद को रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में शाहिदी बोल्ड हो गए। इसके बाद जदरान ने उमरजइ के साथ रनगति को आगे बढाया। इंग्लैंड को तेज गेंदबाज मार्क वुड की घुटने की चोट से भी जूझना पड़ा जो आठ ओवर ही डाल सके।

जदरान ने वनडे क्रिकेट में छठा शतक 106 गेंद में पूरा किया। उन्होंने ओवरटन के एक ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाये । उमरजइ के आउट होने के बाद भी 23 वर्ष के इस बल्लेबाज ने आर्चर को एक छक्का और तीन चौके जड़कर अपने कैरियर में दूसरी बार 150 पार का स्कोर बनाया। अनुभवी नबी के साथ उन्होंने तेजी से रन बनाये और छठे विकेट के लिये 11 रन प्रति ओवर से साझेदारी की। इंग्लैंड ने आखिरी दस ओवरों में 113 रन दे डाले। जदरान आखिरी ओवर में लियाम लिविंगस्टोन की गेंद पर आउट हुए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें