Madhya Pradesh News : नकली नोट से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़, 4 लाख रुपये से ज्यादा नकली नोट बरामद
April 15, 2025
Fake Notes arrested: मध्यप्रदेश पुलिस ने मंगलवार को राज्य के विभिन्न शहरों से नकली नोट गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली नोट जब्त किए।
नकली नोट से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार
अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि एक सूचना के आधार पर अब्दुल शोएब उर्फ छोटू (25), रहीस खान (32) और प्रफुल्ल कुमार कोरी (19) को इंदौर के अनुराग नगर एक्सटेंशन स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी छिंदवाड़ा जिले के निवासी हैं।
4 लाख रुपये से ज्यादा नकली नोट बरामद
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि इंदौर के जिस होटल के कमरे में आरोपी ठहरे थे, वहां से हमें 500 रुपये के 100 नकली नोट और नकली नोट छापने वाले कई उपकरण मिले हैं। इनमें बटर पेपर, प्रिंटर, लकड़ी का फ्रेम, लेमिनेशन मशीन और लैपटॉप शामिल हैं। त्रिपाठी ने बताया कि इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर इनके दो साथियों आकाश घारू (30) और शंकर चौरसिया (42) को भोपाल से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 770 नकली नोट बरामद किये गये।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए एक-दूसरे से संपर्क किया था। छिंदवाड़ा के रहने वाले तीनों आरोपी नकली नोट छापते थे, जिन्हें भोपाल के रहने वाले दो आरोपियों के जरिए बाजार में पहुंचाया जाता था। डीसीपी ने बताया कि नकली नोट छापने वाले गिरोह के खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है।