Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

किसान आंदोलनः बीकेयू का ट्रैक्टर मार्च आज, लग सकता है भारी जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

February 26, 2024

किसान आंदोलनः बीकेयू का ट्रैक्टर मार्च आज, लग सकता है भारी जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

नोएडा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट 26 फरवरी को गौतमबुद्ध नगर जिले में ट्रैक्टर मार्च निकालेगा। इसे देखते हुए जिले में पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है और सभी बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। एहतियात के तौर पर यातायात डायवजर्न भी किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट द्वारा यमुना एक्सप्रेस-वे, लुहारली टोल प्लाजा एवं महामाया फ्लाई ओवर पर ट्रैक्टर मार्च तथा अग्रिम आदेश होने पर दिल्ली कूच किया जाना प्रस्तावित है।

इस कार्यक्रम के दौरान गौतमबुद्धनगर से दिल्ली सीमा लगने वाले सभी बॉर्डरों पर बैरियर लगाकर दिल्ली पुलिस एवं गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा चेकिंग की जायेगी। इसके कारण गौतमबुद्धनगर से दिल्ली बॉर्डर वाले मार्गों तथा यमुना एक्सप्रेस-वे, लुहारली टोल प्लाजा आदि पर यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में यातायात का डायवजर्न किया जायेगा।

चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन सेक्टर 14ए फ्लाई ओवर से गोलचक्कर चौक सेक्टर 15 होकर संदीप पेपर मिल चौक, झुण्डपुरा चौक से गन्तव्य को जा सकेंगे। डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन फिल्मसिटी फ्लाई ओवर से सेक्टर 18 होकर एलीवेटेड का प्रयोग कर गन्तव्य को जा सकेंगे। कालिन्दी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन महामाया फ्लाई ओवर से सेक्टर 37 होकर गन्तव्य को जा सकेंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर दिल्ली जाने वाला यातायात जेवर टोल से खुर्ज की ओर उतरकर जहांगीरपुर होकर गन्तव्य को जा सकेगा।

हालांकि भारतीय किसान यूनियन ने ये संदेश जारी किया है की सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए वे एक्सप्रेसवे के नीचे ही ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। बीकेयू के मुताबिक सुबह 10 बजे ट्रैक्टर मार्च भोले भाईपर मेहंदीपुर थाना रबूपुरा से फरेदा कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे शांतिप्रिय तरीका से अनुशासन में रहकर निकाला जाएगा।

जाम में फंसने से बचने के लिए मेट्रो का प्रयोग करें
यातायात पुलिस ने जानकारी दी है कि दिल्ली जाने वाले आमजन यातायात असुविधा से बचने के लिए मेट्रो का अधिक से अधिक प्रयोग करें। यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली जाने वाले तथा सिरसा से परीचौक होकर सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आगमन प्रतिबंधित रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें