Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

अदन की खाड़ी इंडियन नेवी का बड़ा ऑपरेशनः भारतीय नौसेना ने 11 समुद्री लुटेरों से बचाए 19 पाकिस्तानी नाविक

January 30, 2024

अदन की खाड़ी इंडियन नेवी का बड़ा ऑपरेशनः भारतीय नौसेना ने 11 समुद्री लुटेरों से बचाए 19 पाकिस्तानी नाविक

नई दिल्ली। भारतीय युद्धपोत ‘आईएनएस सुमित्र’ ने सोमालिया के पूर्वी तट पर ईरानी झंडा लगे मछली पकड़ने के जहाज पर समुद्री दस्युओं के हमले के बाद उस पर सवार चालक दल के 19 पाकिस्तानी सदस्यों को बचाया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘आईएनएस सुमित्र’ को अदन की खाड़ी और सोमालिया के पूर्व में समुद्री दस्यु रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात किया गया है।

जहाज ने मछली पकड़ने वाले ईरानी जहाज ‘इमान’ पर सोमवार को समुद्री डकैती का प्रयास विफल कर दिया था। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा कि सोमालिया के पूर्वी तट पर समुद्री दस्यु रोधी एक और सफल अभियान में ‘आईएनएस सुमित्र’ ने मछली पकड़ने वाली नौका अल नईमी और उसके चालक दल के 19 सदस्यों को 11 सोमाली समुद्री दस्युओं से बचाया।

मधवाल ने कहा, ‘‘आईएनएस सुमित्र ने कोच्चि से लगभग 850 समुद्री मील पश्चिम में दक्षिणी अरब सागर में 36 चालक दल (17 ईरानी और 19 पाकिस्तानी) के साथ अपहृत मछली पकड़ने वाले दो जहाजों को 36 घंटे से भी कम समय में त्वरित, निरंतर और अथक प्रयासों से बचाया है।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना ने समुद्र में सभी नाविकों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वास्ते सभी समुद्री खतरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें