Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: राज्य में बढ़ रहा गर्मी का कहर: 12 जून से बारिश के आसार, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Punjab Weather Update: पंजाब इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। खास बात यह है कि इस बार पहली बार गर्मी को लेकर राज्य में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।

-तापमान में मामूली गिरावट

हालांकि बीते 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। बठिंडा और अमृतसर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि चंडीगढ़ में पारा 41.9 डिग्री दर्ज किया गया।

-बिजली मांग ने तोड़ा रिकॉर्ड

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बड़ी संख्या में एयर कंडीशनर और कूलर का सहारा ले रहे हैं, जिससे राज्य में बिजली की मांग 16836 मेगावाट तक पहुंच गई है। यह सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है।

-इन जिलों में रेड और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों के लिए हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। यहां दिन के साथ-साथ रातें भी तप रही हैं। वहीं अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट सहित 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

-कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह के अनुसार, 14 जून के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। 18 से 20 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) के चलने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

-अगले दो दिन और झेलनी होगी तपिश

12 और 13 जून को पंजाब के कई हिस्सों में लू चल सकती है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा और रातें भी गर्म रहेंगी। हालांकि, 14 जून से धीरे-धीरे राहत की उम्मीद है क्योंकि कुछ स्थानों पर आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं।

ये भी पढ़ें- मध्य पूर्व संकट से तेल कीमतों में उछाल, ब्रेंट क्रूड 60% से अधिक चढ़ा

Exit mobile version