
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में फिर एक बार तेज रफ्तार थार गाड़ी ने हादसा कर दिया। बताया जा रहा है कि लुटियन्स दिल्ली में 11 मूर्ति के पास, राष्ट्रपति भवन से सिर्फ दो किलोमीटर दूर, एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वाला व्यक्ति सड़क पर पैदल जा रहा था, तभी थार ने उसे सीधा टक्कर मार दी। जिससे ये हादसा हो गया।
टक्कर के बाद गाड़ी के उड़े परखच्चे
थार इतनी तेज चल रही थी कि टक्कर के बाद उसका अगला टायर निकलकर अलग हो गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी डिवाइडर से भी टकराई, लेकिन फिर भी थार पलटी नहीं। अगर गाड़ी पलट जाती, तो चालक की जान भी जा सकती थी।
गाड़ी में मिला शराब का सामान
हादसे के समय थार में सिर्फ चालक ही था। पुलिस ने गाड़ी की जांच में शराब की बोतलें बरामद की हैं। इन बोतलों की जांच की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि चालक नशे में तो नहीं था।
महिंद्रा को चाहिए कि एक बार अपने थार को चेक करे! इसके सॉफ्टवेयर में कोई ऐसा दोष है कि लोग इसमें बैठते ही बेअंदाज हो जा रहे हैं!
दिल्ली के वीआईपी इलाके में थार ने दो लोगों को कुचल दिया। एक की मौत हो गई, दूसरे की हालत गंभीर है! pic.twitter.com/28c4Iq4Rip
— Prabhakar Kumar Mishra (@PMishra_Journo) August 10, 2025
चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर थार चला रहे युवक को हिरासत में ले लिया। गाड़ी का नंबर उत्तर प्रदेश का है और पता चला है कि इसी गाड़ी पर 1 अगस्त को ओवरस्पीड का चालान भी काटा गया था।
फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है और सबूत जुटा रही है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है कि आखिर हादसे के समय गाड़ी इतनी तेज क्यों चल रही थी और क्या चालक शराब पीकर ड्राइव कर रहा था।