Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑपरेशन सिंदूर में भारत के कितने लड़ाकू विमान गिरे थे? जानें जवाब में क्या बोले CDS अनिल चौहान

May 31, 2025

ऑपरेशन सिंदूर में भारत के कितने लड़ाकू विमान गिरे थे? जानें जवाब में क्या बोले CDS अनिल चौहान

नई दिल्ली: भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पहली बार यह स्वीकार किया है कि पाकिस्तान के साथ टकराव के दौरान भारत के कुछ लड़ाकू विमान गिराए गए थे। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि भारतीय सेना ने इन गलतियों से तुरंत सीखा और उन्हें सुधारते हुए दो दिन के भीतर फिर से पाकिस्तान पर बड़ा हमला किया।

क्या कहा जनरल चौहान ने?
सिंगापुर में आयोजित शांगरी-ला डायलॉग में ब्लूमबर्ग को दिए गए इंटरव्यू में जनरल चौहान ने कहा, “असल मुद्दा यह नहीं है कि हमारे कितने विमान गिरे, बल्कि यह है कि वे क्यों गिरे। हमने अपनी रणनीतिक गलतियों को पहचाना, उनका विश्लेषण किया और उन्हें जल्दी से सुधार लिया। दो दिन के भीतर हमने फिर से हमला किया और अपने सभी जेट विमानों को सफलतापूर्वक उड़ाया।” जनरल चौहान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री द्वारा चार राफेल समेत छह भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा “पूरी तरह गलत” है।

 

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
यह ऑपरेशन पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बड़ी जवाबी कार्रवाई थी। यह कार्रवाई तब की गई जब कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के अंदर मौजूद 9 आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया।

भारत की जवाबी कार्रवाई
जब पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और सीमावर्ती इलाकों पर ड्रोन हमलों से जवाब दिया, तो भारतीय सेना ने लंबी दूरी की ब्रह्मोस मिसाइलों से पाकिस्तान के 11 अहम एयरबेस पर निशाना साधा।

भारत के कितने जेट विमान गिरे थे?
इससे पहले भारतीय सेना ने यह नहीं बताया था कि भारत के कितने जेट विमान गिरे थे। एयर ऑपरेशन्स के महानिदेशक एयर मार्शल ए.के. भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि युद्ध की स्थिति में नुकसान होना सामान्य है। उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया कि “सभी भारतीय पायलट सुरक्षित वापस लौट आए हैं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें