Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

टोंक में भारी बवाल, SDM को थप्पड़ जड़ने वाला निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा गिरफ्तार, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

November 14, 2024

टोंक में भारी बवाल, SDM को थप्पड़ जड़ने वाला निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा गिरफ्तार, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

जयपुर। राजस्थान में टोंक जिले के देवली उनियारा विधानसभा उपचुनाव के दौरान उपखंड अधिकारी को थप्पड़ मारने के मामले में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने समरावता गांव से नरेश मीणा को दोपहर में गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में उसके समर्थक फिर सड़क पर उतर आये और पथराव किया एवं हाइवे पर टायर जलाकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। बाद में पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा और जलते टायरों को पानी डालकर बुझाया और जाम को खुलवाया। इसके बाद दूसरी जगह फिर से उनियारा-नैनवा हाइवे को जाम कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़कर जाम को खुलवाया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया हैं।

 

उल्लेखनीय है कि बुधवार को मतदान के दौरान समरावता गांव में मतदान केंद्र के बाहर नरेश मीणा ने मालपुरा उपखंड अधिकारी अमित चौधरी के साथ मारपीट की। बाद में मतदान समाप्त होने के पश्चात नरेश मीणा के समर्थक एकत्रित हो गए। देर रात जब पुलिस जब नरेश मीणा को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसके समर्थकों ने उसका सामना कर लिया और इस दौरान पुलिस एवं अन्य वाहनों को आग लगा दी गई और उपद्रव किया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैंस के गोले छोड़े। इस दौरान नरेश मीणा मौके से फरार हो गये थे। इस उपद्रव के बाद देर रात देवली-उनियारा और आसपास के क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ी। मौके पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है और पूरा समरावता गांव छावनी में तब्दील हो गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें