Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अगर आतंकवादी पाकिस्तान में हैं, तो हम उन्हें वहीं मारेंगे… विदेश मंत्री जयशंकर का बड़ा बयान

May 22, 2025

अगर आतंकवादी पाकिस्तान में हैं, तो हम उन्हें वहीं मारेंगे… विदेश मंत्री जयशंकर का बड़ा बयान

नेशनल डेस्क: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक साक्षात्कार में कहा कि अगर भारत पर आतंकी हमला होता है और आतंकवादी पाकिस्तान में छिपे होते हैं, तो भारत उन्हें वहीं जाकर मारेगा। उन्होंने ये बातें नीदरलैंड के एक मीडिया चैनल एनओएस से बातचीत में कहीं।

भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा
जयशंकर ने साफ कहा कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर कोई हमला होता है, तो उसका जवाब ज़रूरी है और दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 मई को शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।

22 अप्रैल का पहलगाम हमला
जयशंकर ने बताया कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक भयानक आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 श्रद्धालु पर्यटकों की उनके परिवार के सामने हत्या कर दी गई। इसका मकसद कश्मीर में धर्म के नाम पर तनाव फैलाना और पर्यटन को नुकसान पहुंचाना था। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी। भारत ने TRF के बारे में पहले ही संयुक्त राष्ट्र को सूचित किया था और यह बताया था कि यह संगठन पाकिस्तान से संचालित होता है।

ऑपरेशन सिंदूर में क्या हुआ?
जयशंकर ने बताया कि इस हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए, जो जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों से जुड़े थे। भारत ने पाकिस्तान के 8 एयरबेस भी निशाना बनाए, जिनके रनवे, रडार, और कमांड सेंटर नष्ट कर दिए गए।

भारत का संदेश साफ, आतंकवाद का जवाब दिया जाएगा
जयशंकर ने कहा कि यह ऑपरेशन दुनिया को यह संदेश देने के लिए था कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा। अगर फिर से हमला हुआ, तो फिर से जवाब दिया जाएगा – चाहे आतंकवादी कहीं भी हों। उन्होंने यह भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 1267 प्रस्ताव के तहत भारत ने इन आतंकवादी संगठनों और उनके ठिकानों की जानकारी पहले ही साझा की थी।

10 मई को भारत और पाकिस्तान में गोलीबारी रोकने पर सहमति
जयशंकर ने कहा कि भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भी पीछे हटने का फैसला किया और 10 मई को दोनों देशों ने गोलीबारी रोकने पर सहमति बनाई। इसके बाद कुछ हद तक सैन्य गतिविधियों में कमी आई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें