Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

CO अनुज चौधरी का बड़ा बयान, कहा- ईद की सेवइयां खिलानी है तो हमारी गुझिया भी खानी पड़ेगी

March 26, 2025

CO अनुज चौधरी का बड़ा बयान, कहा- ईद की सेवइयां खिलानी है तो हमारी गुझिया भी खानी पड़ेगी

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सीओ अनुज चौधरी ने एक बार फिर अपने 52 जुमे और एक होली वाले बयान को दोहराया और इस पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि इस बयान में कुछ भी गलत नहीं था, और यदि किसी को गलत लगता है तो वह कोर्ट जा सकता है। सीओ ने यह बयान बुधवार को संभल में आयोजित पीस कमेटी की मीटिंग के दौरान दिया।

सेवइयां खिलानी है तो गुझिया भी खानी पड़ेगी
सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि यदि आप हमें ईद की सेवइयां खिलाना चाहते हैं, तो आपको भी हमारी गुझिया खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाईचारा तब ही मजबूत होगा जब दोनों समुदाय आपस में एक-दूसरे की परंपराओं का सम्मान करें और एक-दूसरे की संस्कृति को स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि मन में कड़वाहट रखने के बावजूद भाईचारे की बात करना संभव नहीं है।

होली वाली टिप्पणी को दोहराया
सीओ ने अपनी बात को और आगे बढ़ाते हुए कहा, “भाईचारे की बात तभी हो सकती है जब दोनों ओर से मुंह मीठा हो। ऐसा नहीं हो सकता कि एक ओर कड़वाहट हो और दूसरी ओर भाईचारे की बातें की जाएं।” उन्होंने एक बार फिर अपनी होली वाली टिप्पणी को दोहराया और कहा कि हिंदू धर्म की होली साल में एक बार आती है, जबकि मुस्लिम समुदाय का जुमा हर हफ्ते आता है, इसलिए इस पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए।

सीओ ने यह भी कहा कि अगर किसी को इस बयान में कुछ गलत लगता है तो वह कोर्ट जा सकता है और सजा भी दिला सकता है। उनका कहना था कि समाज में और देश में भाईचारा बनाए रखने के लिए सभी को बड़ा दिल दिखाना होगा और एक-दूसरे के दृष्टिकोण को समझना होगा।

सड़क पर नहीं होगी जुमा की नमाज
पीस कमेटी की इस बैठक में एसडीएम सदर ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि ईद और अलविदा जुमा की नमाज सड़क पर नहीं होगी, और मकानों की छतों पर भी नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने इसके पीछे सुरक्षा कारणों को बताया और कहा कि अगर नमाज के दौरान भीड़ छत पर इकट्ठा हो गई, तो छत के गिरने का खतरा हो सकता है, इसलिए इसे मना किया गया है। इस बैठक में एएसपी श्रीचंद भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें