Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘Operation Street Safe‘ में 742 वाहनों का चालान, 32 सीज, शराब पीने वाले 710 के खिलाफ हुई कार्रवाई

October 26, 2024

‘Operation Street Safe‘ में 742 वाहनों का चालान, 32 सीज, शराब पीने वाले 710 के खिलाफ हुई कार्रवाई

नोएडा : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में ‘ऑपरेशन स्ट्रीट सेफ‘ चलाया गया। गौतमबुद्ध नगर के अंतर्गत तीनों जोन (नोएडा, सेंट्रल नोएडा व ग्रेटर नोएडा) में 25 अक्टूबर की रात में संदिग्ध वाहनों और सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों की चेकिंग के लिए ये अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान तीनों जोन के डीसीपी अपने अन्य अधिकारियों के साथ सड़कों पर मौजूद रहे और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले वाहनों व सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नोएडा जोन में डीसीपी रामबदन सिंह के नेतृत्व में 42 स्थानों पर चेकिंग करते हुए पुलिस टीमों द्वारा 1415 वाहनों को चेक किया गया और 274 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान 12 वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 148 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सेंट्रल नोएडा जोन में डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में 32 स्थानों पर चेकिंग करते हुए पुलिस टीमों द्वारा 1411 वाहनों को चेक किया गया और 248 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान 16 वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 425 व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

ग्रेटर नोएडा जोन में डीसीपी साद मिया खान के नेतृत्व में 36 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 1565 वाहनों को चेक किया गया और 220 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान चार वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 137 व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। डीसीपी यातायात यमुना प्रसाद के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के अंतर्गत चेकिंग करते हुए 70 गाड़ियों को चेक किया गया और 30 वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई और 6 गाड़ियों को सीज भी किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें