Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Indigo Flight: इंडिगो फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, वापस चेन्नई लौटा विमान

June 20, 2025

Indigo Flight: इंडिगो फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, वापस चेन्नई लौटा विमान

नई दिल्ली: इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस चेन्नई लौटना पड़ा। यह विमान चेन्नई से मदुरै जा रहा था।

विमान में कुल 68 यात्री सवार थे

एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद तकनीकी दिक्कत आ गई। विमान में कुल 68 यात्री सवार थे। पायलट ने तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही सावधानी बरतते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर वापस लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई में लैंड हो गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। इस मामले में इंडिगो की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

लेह जा रही फ्लाइट में भी आई थी खराबी

इससे पहले, दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2006 को भी तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। एयरबस A320 विमान को करीब दो घंटे उड़ान भरने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा, क्योंकि तकनीकी खराबी के कारण वह लेह में नहीं उतर सका। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान ने रास्ते से लौटते हुए दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की।

इंडिगो का बयान

इंडिगो ने इस मामले में बयान जारी करते हुए बताया कि पायलट ने सभी मानक नियमों का पालन किया और सावधानीपूर्वक विमान को वापस दिल्ली लाया गया। खराब विमान की मरम्मत का काम जारी है और यात्रियों को लेह पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दी गई है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी है। हालांकि, इस फ्लाइट में सवार यात्रियों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है। दोनों मामलों में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें