Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2024, RCB vs GT, 52nd Match: रोमांचक मैच में RCB की जीत, गुजरात को चार विकेट से हराया, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

May 4, 2024

IPL 2024, RCB vs GT, 52nd Match: रोमांचक मैच में RCB की जीत, गुजरात को चार विकेट से हराया, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

आईपीएल 2024 के 17वें सीजन का 52वां मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम बिना किसी बदलाव के खेलती नजर आएगी। वहीं, गुजरात की टीम दो बदलावों के साथ खेलती नजर आएगी। मानव सुथार को डेब्यू का मौका मिला है। इसके अलावा जोशुआ लिटिल को प्लेइंग 11 में जगह मिली है। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 147 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

बेंगलुरु ने गुजरात को चार विकेट से हराया

आईपीएल 2024 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चार विकेट से गुजरात टाइटंस को हरा दिया। इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई। अब टीम के खाते में 10 अंक हो गए हैं। वहीं, गुजरात नौवें पायदान पर पहुंच गई है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम 19.3 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में बेंगलुरु ने 13.4 ओवर में छह विकेट गंवाकर 152 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई। जोशुआ लिटिल ने कप्तान को आउट किया। वह 23 गेंदों में 64 रन बनाकर लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और तीन छक्के निकले। इसके बाद आरसीबी की पारी लड़खड़ा गई। टीम ने 117 रन के स्कोर पर पांच और विकेट खो दिए। किंग कोहली 27 गेंदों में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, विल जैक्स एक, रजत पाटीदार दो, ग्लेन मैक्सवेल चार और कैमरन ग्रीन एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा दिनेश कार्तिक और स्वप्निल सिंह ने संभाला। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 35 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। कार्तिक ने 12 गेंदों में 21 और स्वप्निल ने नौ गेंदों में 15 रन बनाए। इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे जोशुआ लिटिल ने कहर बरपाया। उन्होंने चार विकेट हासिल किए। वहीं, नूर अहमद को दो सफलता मिलीं।

गुजरात ने तैयार किया 148 रन का लक्ष्य:-

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। टीम को पहला झटका सिर्फ एक रन के स्कोर पर लगा। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ऋद्धिमान साहा को आउट किया। वह सिर्फ एक रन ही बना सके। इसके बाद सिराज ने गिल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बनाकर लौटे। टीम को तीसरा झटका कैमरन ग्रीन ने दिया। उन्होंने साईं सुदर्शन को विराट कोहली के हाथों कैच काया। वह छह रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में गुजरात के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। गुजरात ने पावरप्ले में इस सीजन का सबसे कम स्कोर बनाया। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 23/3 था।

इसके बाद मोर्चा शाहरुख खान और डेविड मिलर ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। कर्ण शर्मा ने मिलर को आउट किया जो 30 रन बनाकर लौटे। वहीं, विराट कोहली ने शाहरुख खान को रन आउट किया। बल्लेबाज ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। राशिद खान और राहुल तेवतिया के बीच छठे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई जिसे यश दयाल ने 18वें ओवर में दिया। राशिद 18 रन बनाकर लौटे। वहीं, तेवतिया 35 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने 166.66 के स्ट्राइक रेट से पांच चौके और एक छक्का लगाया।

आखिरी ओवर में गुजरात ने तीन विकेट गंवाए। विजय शंकर 10, मानव सुथार एक और मोहित शर्मा बिना कोई रन बनाए रन आउट हो गए। वहीं, नूर अहमद बिना खाता खोले नाबाद रहे। इस मैच में आरसीबी के गेंदबाजों ने कहर बरपाया। सिराज, दयाल और विशक ने दो-दो विकेट लिए जबकि ग्रीन और कर्ण शर्मा को एक-एक सफलता मिली। गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 147 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

आईपीएल 2024 में पावरप्ले में सबसे कम स्कोर:-

23/3 – गुजरात टाइटंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बेंगलुरु*
27/3 – पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, मुल्लांपुर
28/4 – मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, लखनऊ
30/4 – गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स, अहमदाबाद
31/2 – राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, जयपुर

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:-

गुजरात टाइटंस : ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, डेविड मिलर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मानव सुथार, नूर अहमद, मोहित शर्मा, जोशुआ लिटिल।
इम्पैक्ट सब : संदीप वॉरियर, विजय शंकर, जयंत यादव, नलकंडे, बीआर शरथ।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विल जैक्स, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), कर्ण शर्मा, स्वप्निल सिंह, मोहम्मद सिराज, यश दयाल, विजयकुमार विशक।
इम्पैक्ट सब : अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, आकाश दीप, रजत पाटीदार, सुयश प्रभुदेसाई।

GT = 147 (19.3)

RCB = 152/6 (13.4) RCB won by 4 wkts

PLAYER OF THE MATCH = Mohammed Siraj

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें