Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu and Kashmir : पुंछ में आतंकियों और सेना में मठभेड़, जवानों ने जंगल को घेरा; रात से गोलीबारी जारी

September 15, 2024

Jammu and Kashmir : पुंछ में आतंकियों और सेना में मठभेड़, जवानों ने जंगल को घेरा; रात से गोलीबारी जारी

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच बीती रात मुठभेड़ हो गई। पूरी रात सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार शाम मेंढर के गुरसाई टॉप के पठानतीर इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षाबलों ने जब इलाके की घेराबंदी की, तभी छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया, ’इलाके में रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है। सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाने के लिए अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया है।‘

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 25 सितंबर को पुंछ और राजाैरी जिलों में मतदान होना है। जम्मू डिवीजन के पहाड़ी जिलों पुंछ, राजाैरी, डोडा, कठुआ, रियासी और उधमपुर में पिछले दो महीनों से अधिक समय से सेना, सुरक्षाबलों और नागरिकों पर आतंकवादी हमले हुए हैं। आतंकवादी घात लगाकर अचानक हमला करते हैं और फिर पहाड़ी क्षेत्रों के जंगलों में गायब हो जाते हैं।

इन हमलों के लिए विदेशी आतंकवादियों के एक समूह को जिम्मेदार बताया जा रहा है। यह आतंकी 40 से 50 की संख्या में हैं। यह रिपोर्ट आने के बाद सेना ने उन जिलों के घने जंगलों वाले इलाकों में 4,000 से अधिक प्रशिक्षित सैनिकों को तैनात किया है, जिनमें विशिष्ट पैरा कमांडो और पर्वतीय युद्ध में प्रशिक्षित सैनिक शामिल थे।

बता दें कि चिनाब घाटी क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन जिलों में फैली आठ विधानसभा सीटों के साथ-साथ दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां और कुलगाम जिलों की 16 सीटों पर पहले चरण में 18 सितंबर को मतदान होगा। जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण में मतदान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें