Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

पीएम मोदी से मिले जेडी वेंस, प्रधानमंत्री आवास में गर्मजोशी के साथ हुआ स्वागत

April 21, 2025

पीएम मोदी से मिले जेडी वेंस, प्रधानमंत्री आवास में गर्मजोशी के साथ हुआ स्वागत

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में अपने सरकारी घर 7, लोक कल्याण मार्ग पर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, उनकी पत्नी उषा वेंस और उनके तीन बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वेंस भारत के चार दिन के दौरे पर हैं। इस दौरान वे दिल्ली, जयपुर और आगरा जाएंगे।

दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पालम एयरबेस पर उनका स्वागत किया। वेंस और उनके परिवार ने पहले दिन स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया। उनके बच्चों ने पारंपरिक भारतीय कपड़े पहने थे- बेटों इवान और विवेक ने कुर्ता-पायजामा और बेटी मीराबेल ने अनारकली ड्रेस पहनी थी।

परिवार को मंदिर बहुत पसंद आया: वेंस 
मंदिर दर्शन के बाद वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें और उनके परिवार को मंदिर बहुत पसंद आया और भारत द्वारा बनाए गए इस सुंदर मंदिर की उन्होंने तारीफ की। उन्होंने भारतीय लोगों के स्वागत को भी सराहा। इसके अलावा वेंस परिवार ने जनपथ स्थित सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज एम्पोरियम में भी शॉपिंग की।

सभी बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारत और अमेरिका के बीच सहयोग के सभी बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देश एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी में जुड़े हैं और इस दौरे से रिश्ते और मजबूत होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापार समझौते पर भी बातचीत चल रही है। यह यात्रा भारत-अमेरिका के रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें