Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Karnataka : मांड्या में गणेश विसर्जन दौरान हुई हिंसा: भीड़ ने दुकानें-गाड़ियां जलाईं, अब तक 52 लोग गिरफ्तार 

September 12, 2024

Karnataka : मांड्या में गणेश विसर्जन दौरान हुई हिंसा: भीड़ ने दुकानें-गाड़ियां जलाईं, अब तक 52 लोग गिरफ्तार 
मांड्या। कर्नाटक के मांड्या में भगवान गणेश की मूर्ति की शोभायात्र के दौरान भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने 52 लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात यहां नागमंगला कस्बे में तनाव व्याप्त हो गया, जहां दो पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग पथराव में मामूली रूप से घायल हो गए। हालांकि, स्थिति पर काबू पा लिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। 14 सितंबर तक इलाके में चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाने के लिए निषेधाज्ञ लागू कर दी गई है।

मांड्या के पुलिस अधीक्षक मल्लिकाजरुन बलदंडी ने कहा, ‘‘हमने बुधवार की घटना के सिलसिले में 46 लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थिति अब सामान्य हो गई है। लोग अपने दैनिक कामकाज कर रहे हैं। दुकानें खुली हैं। हमने कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस के अतिरिक्त बल के साथ-साथ सादी वर्दी में अन्य पुलिस अधिकारियों को भी तैनात किया है।’’  पुलिस के मुताबिक गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने, हत्या का प्रयास, सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को जब बदरिकोप्पलु गांव से श्रद्धालु शोभायात्र निकाल रहे थे तब दो समूहों के बीच बहस हो गई और कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया जिससे स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि दोनों समूहों के बीच झड़प के बाद कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई और वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति को संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। शोभायात्र निकालने वाले युवाओं के समूह ने थाने के निकट विरोध प्रदर्शन किया और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें