Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बांग्लादेश: ‘यूनूस के साथ मुस्कुराने वाली बैठक विफल रही’, हिंदू नेता की हत्या पर खरगे ने PM मोदी को घेरा

April 19, 2025

बांग्लादेश: ‘यूनूस के साथ मुस्कुराने वाली बैठक विफल रही’, हिंदू नेता की हत्या पर खरगे ने PM मोदी को घेरा

नेशनल डेस्क: कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के एक बड़े नेता भाबेश चंद्र रॉय की हत्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। खरगे ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार धार्मिक अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से हिंदू समुदाय के लोगों पर अत्याचार हो रहा है और यह प्रधानमंत्री मोदी की बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार के साथ बैठक की असफलता को दर्शाता है।

खरगे का पीएम मोदी पर हमला
खरगे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “हिंदू नेता भाबेश चंद्र रॉय की क्रूरतापूर्ण हत्या इस बात का सबूत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार के साथ मुस्कुराते हुए बैठक विफल रही।” दरअसल, बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले के बसुदेवपुर गांव में 58 वर्षीय भाबेश चंद्र रॉय की हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उनका अपहरण किया और बाद में उनका शव बरामद हुआ।

 

मुक्ति संग्राम की दिलाई याद
मल्लिकार्जुन खरगे ने बांग्लादेश की सरकार पर हमला करते हुए 1971 के मुक्ति संग्राम की याद दिलाई और कहा कि बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “संसद में भारत सरकार के उत्तर के मुताबिक, पिछले दो महीनों में हिंदू समुदाय पर 76 हमले हुए, जिनमें 23 हिंदू मारे गए। अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों पर भी हमले हो रहे हैं।”

खरगे ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की हाल ही में की गई टिप्पणी का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि यूनुस ने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के बारे में निंदनीय और निराशाजनक टिप्पणी की थी। खरगे ने कहा, “बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और मानवाधिकार हनन को लेकर जो प्रयास हो रहे हैं, वे भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को कमजोर करने की कोशिश हैं। 1971 से लेकर आज तक, भारत ने हमेशा बांग्लादेश के लोगों की शांति और समृद्धि की कामना की है, और यही उपमहाद्वीप की भलाई है।”

भारत ने बांग्लादेश को लगाई फटकार 
इससे पहले भारत ने बांग्लादेश में हिंदू नेता भाबेश चंद्र रॉय की क्रूर हत्या की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस घटना को चिंताजनक और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न का हिस्सा बताया है। मंत्रालय ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से सभी अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें