Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खरगे जी अपना मानसिक संतुलन खो चुके’, जेपी नड्डा की टिप्पणी से राज्यसभा में गरमाया माहौल

July 29, 2025

‘खरगे जी अपना मानसिक संतुलन खो चुके’, जेपी नड्डा की टिप्पणी से राज्यसभा में गरमाया माहौल

नई दिल्ली: राज्यसभा में मंगलवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया जब बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे “मानसिक संतुलन खो चुके हैं।” इस बयान के बाद सदन में कांग्रेस सांसदों ने जोरदार विरोध जताया और कार्यवाही थोड़ी देर के लिए बाधित हो गई।

जानें क्या बोले जेपी नड्डा?

खरगे के भाषण के बाद बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “विपक्ष के नेता ने लंबा भाषण दिया, लेकिन प्रधानमंत्री पर जो शब्द बोले, वो उनके स्तर के नहीं थे। मैं समझ सकता हूं कि उन्हें तकलीफ है कि प्रधानमंत्री ने उन्हें 11 साल से विपक्ष में बैठा रखा है। लेकिन इस वजह से वो मानसिक संतुलन खोकर ऐसी टिप्पणी कर रहे हैं।” नड्डा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं, और यह देश के लिए गर्व की बात है, लेकिन विपक्ष की प्राथमिकता पार्टी राजनीति बन गई है, ना कि देशहित।

 

सदन में हंगामा और माफी की मांग

कांग्रेस सांसदों ने तुरंत इस बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि “मानसिक संतुलन” जैसे शब्द अमर्यादित हैं और इन्हें राज्यसभा की कार्यवाही से हटाया जाए। इस पर जेपी नड्डा ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, “अगर मेरे किसी शब्द से आपको ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं। लेकिन आप भी प्रधानमंत्री के लिए अपनी भाषा की मर्यादा लांघ गए थे।”

इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “पहलगाम हमले में जो चूक हुई, उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। जैसे कारगिल युद्ध के बाद कारगिल रिव्यू कमेटी बनी थी, वैसे ही जांच होनी चाहिए।” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हैं, लेकिन खुद की कोई जवाबदेही नहीं लेते।”

 

प्रधानमंत्री को भगवान मत बनाइए

खरगे ने कहा, “लोकतंत्र में प्रधानमंत्री को भगवान मत बनाइए, सम्मान दीजिए लेकिन इतनी चापलूसी न हो।” खरगे ने यह भी पूछा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर पीएम मोदी क्यों चुप हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भारत के 5 जेट गिराए गए थे। खरगे ने कहा कि ऐसी बातों पर चुप रहना भारत की छवि के लिए ठीक नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें