नेशनल डेस्क: दिल्ली के एक नामी आश्रम में चल रहे गंदे खेल का खुलासा हुआ है। यहां रहने वाली 32 लड़कियों ने आश्रम के संचालक बाबा चैतन्यानंद पर छेड़छाड़ और यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि वसंत कुंज स्थित एक निजी संस्थान की शाखा के निदेशक पर 15 से ज़्यादा छात्राओं द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद कथित छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
बाबा चैतन्यानंद ओडिशा के रहने वाले हैं और पिछले 12 साल से दिल्ली के इस आश्रम में रह रहे थे। वह केवल संचालक ही नहीं, बल्कि केयरटेकर भी थे। उनकी पहचान एक प्रख्यात लेखक, वक्ता, शिक्षाविद और क्वांटम चेतना के प्रचारक के रूप में होती है। उन्होंने शिकागो विश्वविद्यालय से एमबीए और पीएचडी की डिग्री हासिल की है और कई मानद उपाधियां भी प्राप्त की हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आश्रम में रहने वाली 32 छात्राओं ने बाबा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। लड़कियों ने कोर्ट में बयान दिए हैं कि बाबा उन्हें धमकाता और ब्लैकमेल करता था। पहले भी ओडिशा में 2009 और 2016 में उनके खिलाफ छेड़छाड़ के मामले दर्ज हो चुके हैं। मामला वसंत कुंज थाने में दर्ज है और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और हार्ड डिस्क जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
32 पीड़िताओं के बयान अदालत में भी दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 17 ने आरोपी द्वारा अभद्र भाषा, अश्लील व्हाट्सएप/एसएमएस संदेश और अवांछित शारीरिक संपर्क का आरोप लगाया। पीड़ितों ने आगे आरोप लगाया कि संकाय/प्रशासक के रूप में कार्यरत महिलाओं ने उन्हें आरोपी की माँगें मानने के लिए उकसाया और दबाव डाला।
पुलिस के मुताबिक बाबा चैतन्यानंद लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बहुत कम कर रहे हैं। उनकी आखिरी लोकेशन यूपी के आगरा के पास देखी गई है। दक्षिणामन्या श्री शारदा पीठम्, शृंगेरी आश्रम ने बयान जारी कर कहा है कि बाबा चैतन्यानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि बाबा के कुकृत्य गैरकानूनी हैं और उन्हें आश्रम से पूरी तरह से अलग कर दिया गया है।
छात्राओं ने यह भी कहा कि आश्रम में काम करने वाली कुछ वॉर्डन उन्हें बाबा से मिलवाती थीं। पुलिस ने पता लगाया है कि बाबा अपनी महंगी वॉल्वो कार पर यूएन (संयुक्त राष्ट्र) का फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे, “39 UN 1″। जांच में पता चला कि ऐसा कोई नंबर जारी नहीं हुआ है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...