Abu Qatal Killed in Pakistan : इस्लामाबाद से एक बड़ी खबर आई है कि भारत का दुश्मन और एनआईए का वांटेड आतंकी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया है। अबू कताल, जो मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेहद करीबी था, उसकी बीती रात पाकिस्तान में हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अबू कताल उर्फ कतील सिंधी पर दो अज्ञात लोगों ने उस वक्त हमला किया जब वह अपने वाहन में यात्रा कर रहा था। इस हमले में उसकी मौत हो गई।
अबू कताल जम्मू-कश्मीर के कई बड़े आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार था।
अबू कताल इन हमलों का मास्टरमाइंड था। उसकी साजिशों का मकसद जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाना था।
हाफिज सईद ने ही अबू कताल को लश्कर-ए-तैयबा का मुख्य ऑपरेशनल कमांडर नियुक्त किया था। अबू कताल हाफिज सईद से सीधे आदेश लेता था और फिर कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम देता था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2023 में राजौरी के ढांगरी गांव में हुए आतंकी हमले के मामले में अबू कताल का नाम आरोपपत्र में शामिल किया था।
एनआईए की जांच में पता चला कि इस हमले की साजिश पाकिस्तान से रची गई थी। इस साजिश में लश्कर-ए-तैयबा के तीन पाकिस्तानी आतंकियों सहित कुल पांच लोग शामिल थे। इनका मकसद जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाना था।
अबू कताल जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं में शामिल था, जिसके चलते भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उस पर कड़ी नजर रख रही थीं। उसकी मौत से लश्कर के आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका माना जा रहा है।