Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंफाल और गुवाहाटी जोन में 88 करोड़ रुपए की मेथमफेटामाइन गोलियों की खेप जब्त

March 17, 2025

इंफाल और गुवाहाटी जोन में 88 करोड़ रुपए की मेथमफेटामाइन गोलियों की खेप जब्त

नई दिल्ली : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ‘नशा मुक्त भारत’ बनाने की मोदी सरकार की मुहिम को गति देते हुए इंफाल और गुवाहाटी जोन से 88 करोड़ रुपए की मेथमफेटामाइन गोलियों की एक बड़ी खेप जब्त कर अंतर्राष्ट्रीय ड्रग माफिया के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि सरकार की ओर से ड्रग माफिया पर कोई रहम नहीं किया जाएगा। उन्होंने 88 करोड़ रुपए की मेथमफेटामाइन गोलियों की एक बड़ी खेप जब्त करने और अंतर्राष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के 4 सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को बधाई देते हुए कहा कि ड्रग्स की बड़े पैमाने पर हुई यह बरामदगी जांच के लिए अपनाए जा रहे ‘बॉटम टु टॉप’ और ‘टॉप टु बॉटम’ अप्रोच की शानदार सफलता का प्रमाण है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘ड्रग कार्टेल के लिए कोई रहम नहीं। मोदी सरकार के नशा मुक्त भारत के निर्माण के अभियान को गति देते हुए, 88 करोड़ रुपए की मेथमफेटामाइन गोलियों की एक बड़ी खेप जब्त की गई और इंफाल एवं गुवाहाटी जोन में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। ड्रग की यह खेप जांच के लिए अपनाए जा रहे ‘बॉटम टु टॉप’ और ‘टॉप टु बॉटम’ अप्रोच की शानदार सफलता का प्रमाण है। ड्रग्स की हमारी तलाश जारी है। ब्यूरो की टीम को हार्दिक बधाई।’’ ब्यूरो के इम्फाल जोन के अधिकारियों ने पहली कार्रवाई में 13 मार्च को सूचना के आधार पर लिलोंग क्षेत्र के पास एक ट्रक को रोका और वाहन की पूरी तरह से टोह लेने के बाद ट्रक के पिछले हिस्से में टूल बॉक्स, केबिन से 102.39 किलोग्राम मेथमफेटामाइन की गोलियां बरामद कीं।

ट्रक में सवार दो लोगों को पकड़ा भी गया। बिना किसी देरी के टीम ने तुरंत एक फॉलो अप कार्रवाई की और लिलोंग क्षेत्र से प्रतिबंधित सामग्री के संदिग्ध रिसीवर को पकड़ लिया। उसके पास से एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल ड्रग तस्करी के लिए किया जाता था। बाद में तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रतिबंधित सामग्री का संदिग्ध स्नेत मोरेह है। मामले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- पंजाब में आज होगा फसलों के नुकसान का आकलन: 9 सदस्यों वाली केंद्रीय टीम करेगी दौरा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें