Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

गाजियाबाद स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, पटरी से उतरा तेजस एक्सप्रेस के कोच का पहिया

June 7, 2024

गाजियाबाद स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, पटरी से उतरा तेजस एक्सप्रेस के कोच का पहिया

गाजियाबाद। गाजियाबाद स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। भुवनेश्वर से नई दिल्ली आ रही तेजस एक्सप्रेस का एक पहिया पटरी से उतर गया। सूचना मिलते ही तुरंत रेलवे के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे और करीब 1 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इसे रिपेयर कर दिल्ली के लिए रवाना किया। गनीमत यह रही कि यह हादसा गाजियाबाद के स्टेशन पर हुआ, अगर बीच रास्ते में होता तो इसे ठीक कर आगे के गंतव्य के लिए रवाना करने में बहुत ज्यादा समय लगता।

गाजियाबाद जंक्शन पर शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ओडिशा के भुवनेश्वर से आ रही तेजस एक्सप्रेस के एक कोच का एक पहिया पटरी से उतर गया। इसकी सूचना मिलते ही ट्रेन को आनन-फानन में रोका गया और गाजियाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर इसकी मरम्मत की गई।

कोच के पहिए के पटरी से उतरने के बाद धीरे-धीरे दूसरे कोच के पहिए भी पटरी से बाहर आने लगे थे। गनीमत यह रही की सूचना मिलते ही गाड़ी को तुरंत रोक लिया गया। बताया जा रहा है कि उसे समय गाड़ी की रफ्तार भी काफी कम थी क्योंकि वह स्टेशन को पार करने की तैयारी में थी।

भुवनेश्वर से नई दिल्ली आ रही तेजस एक्सप्रेस के कोच का पटरी से उतरने का ये हादसा गाजियाबाद जंक्शन में प्लेटफार्म नंबर-4 के पास हुआ। इंजीनियरों ने डीरेल हुए दोनों कोच को अलग कर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया।

रेलवे की तरफ से भी बताया गया है कि इस हादसे में सभी पैसेंजर पूरी तरीके से सुरक्षित हैं। तेजस ट्रेन के एक कोच के डिरेल होने के बाद उसे अलग कर ट्रेन को सुबह करीब 10 बजे के आसपास दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 9 बजे के आसपास हुआ। सूचना पर तुरंत रेलवे के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंच गए।

किसी भी पैसेंजर को किसी भी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई है। मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारी पटरी पर चेक कर रहे हैं कि किस जगह से यह पहिया पटरी को छोड़कर बाहर आना शुरू हुआ ताकि उस जगह की मरम्मत कर आगे आने वाले किसी भी प्रकार की घटना को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें