
नेशनल डेस्क: राजस्थान के चूरू में इंडियन एयरफोर्स का जगुआर फाइटर प्लेन क्रैश हो गया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद आसमान में तेज आवाज के बाद खेतों में आग की लपटें देखी गईं। कुछ ही समय में आसमान में काले धुंए का गुबार फैल गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
चूरू एसपी जय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाणूदा में प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। मलबे के पास से बुरी तरह से क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं। शव की पहचान की प्रक्रिया स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही है। विमान एक पेड़ पर गिरा, जिससे पेड़ भी जल गया। जहां यह हादसा हुआ वो इलाका रेगिस्तान का है।
A Jaguar fighter aircraft of the Indian Air Force has crashed near Churu district of Rajasthan. More details awaited: Defence Sources pic.twitter.com/CYbHIyQLPl
— ANI (@ANI) July 9, 2025
कलेक्टर अभिषेक सुराना और पुलिस की टीम मौके लिए रवाना हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विमान क्रैश के बाद खेतों में आग लग गई, जिसे लोगों ने बुझाने का प्रयास किया। यह विमान हादसा रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गांव में हुआ है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं। दुर्घटना स्थल पर सेना के अधिकारी भी पहुंच गए हैं और विमान के मलबे को इकट्ठा किया जा रहा है।