नेशनल डेस्क: बिहार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने हाल ही में एक अजीबोगरीब कार्यक्रम के दौरान गरीबों के बीच कंबल वितरण किया, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, गर्मी के मौसम में कंबल बांटने का यह कार्यक्रम बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मंसूरचक प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत-दो के अहियापुर गांव में आयोजित किया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर 500 से अधिक लोगों के बीच कंबल बांटे। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंत्री जी और भाजपा के कई स्थानीय नेता मंच पर बैठे हुए हैं, जबकि सैकड़ों लोग कंबल लेने के लिए इकट्ठे हुए हैं।
वीडियो पर लोग ले रहे चुटकियां
गर्मी के मौसम में 35 से 40 डिग्री तापमान में कंबल वितरण देखकर लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर लोग इस पर चुटकियां ले रहे हैं। उनका कहना है कि अगर कंबल ही बांटना था, तो यह ठंड में किया जाता, जब लोगों को इससे राहत मिल सकती थी।
ये हैं भाजपा नेता सुरेंद्र मेहता। बिहार सरकार के खेल मंत्री। भयंकर गर्मी में कंबल बांट रहे हैं। वैसे इनका कोई दोष नहीं है। दोष तो सूर्य देवता का है जो तापमान बढ़ा रहे हैं। आखिर हैं तो उसी धारा के जहां माना जाता है कि रुपया कमजोर नहीं हुआ है बल्कि डॉलर मजबूत हुआ है। pic.twitter.com/swPjtQVVSm
— ABHISHEK KUMAR (@ABHISHEKJOURNO2) April 9, 2025
राजद ने कसा तंज
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा और उनके मंत्रियों पर तंज कसा। राजद ने लिखा, “बिहार में गर्मी की बढ़ती यातना के बीच खेल मंत्री ने कंबल बांटकर मानसिक यातना का विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अब लगता है कि सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, उनके सारे मंत्री भी नरभसा गए हैं।”
मजाक का विषय बनी घटना
खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने इस कार्यक्रम को भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित किया था और अपने फेसबुक पर कार्यक्रम की तस्वीरें भी शेयर की थीं। हालांकि, इस अजीबोगरीब कंबल वितरण के बाद यह घटना राजनीतिक गलियारों में मजाक का विषय बन गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...