शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 366 लोग मारे गए हैं। इनमें से 203 मौतें बारिश से जुड़ी घटनाओं जैसे भूस्खलन, अचानक बाढ़, डूबने और बिजली गिरने के कारण हुई हैं, जबकि 163 लोगों की जान सड़क हादसों में गई।
बड़ी आर्थिक क्षति
राज्य में सार्वजनिक और निजी संपत्ति को कुल लगभग 4,080 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें प्रमुख नुकसान इस प्रकार है, लोक निर्माण विभाग (PWD): 2,51,854.8 लाख रुपये, जल शक्ति विभाग (JSV) में 1,25,492.4 लाख रुपये और बिजली क्षेत्र में 13,946.69 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा 4,784 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। दुकानों, गौशालाओं, कृषि और बागवानी फसलों, साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान हुआ है।

जिलेवार मौतें
बारिश से हुई मौतें में मंडी में 37 सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इसके बाद कांगड़ा में 31, कुल्लू में 25, चंबा और शिमला 21-21, किन्नौर में 14 लोगों ने जान गवाईं है। वहीं, सड़क हादसों में चंबा और मंडी 22-22, कांगड़ा 19, शिमला 18, सोलन 19 मौतें हुई हैं।
1,991 पशु मारे गए
एसडीएमए की रिपोर्ट में कहा गया है कि कृषि और पशुपालन क्षेत्रों में भी भारी नुकसान हुआ। 1,991 पशु मारे गए और 26,955 मुर्गियाँ प्रभावित हुईं। कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे आर्थिक हानि और बढ़ गई है।
पुनर्निर्माण कार्य जारी
अधिकारियों ने बताया कि पुनर्निर्माण का काम युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन लगातार बारिश और बार-बार भूस्खलन के कारण कई जगहों पर काम में देरी हो रही है। उन्होंने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की अपील की।
पीएम मोदी कल हिमाचल आएंगे
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। वे राज्य में मानसून से हुई जान-माल की क्षति का जायजा लेंगे। ठाकुर भी धर्मशाला जाकर प्रधानमंत्री को स्थिति से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी उसी दिन पंजाब में बाढ़ की स्थिति का भी निरीक्षण करेंगे।