Site icon Dainik Savera Times

New CEC Of India : कौन है देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त, जिन्होंने लिया CEC राजीव कुमार की जगह

नेशनल डेस्क : वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली एक चयन समिति ने सोमवार को नए CEC के लिए फैसला लिया। भारत के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के रूप में ज्ञानेश कुमार का नाम फाइनल किया गया है। बता दें कि ज्ञानेश कुमार मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की जगह लेंगे, जो मंगलवार, 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। कानून मंत्रालय ने सोमवार रात नोटिस जारी कर नए चुनाव आयुक्त के नाम की घोषणा की। आइए जानते है ज्ञानेश कुमार के बारे में विस्तार से…

कौन हैं ज्ञानेश कुमार ?

आपको बता दें कि ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में चुनाव आयुक्त के रूप में कार्य कर रहे थे और अब उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। वह पहले सहकारिता मंत्रालय के सचिव रहे हैं और 31 जनवरी 2024 को रिटायर हो गए थे। अपने प्रशासनिक करियर में, उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है और देश की प्रमुख नीतियों में योगदान दिया है।ज्ञानेश कुमार का करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 2019 में, जब अनुच्छेद 370 हटाने का फैसला लिया गया, तो वह गृह मंत्रालय में कश्मीर डिवीजन के संयुक्त सचिव थे। इस समय उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर इस संवेदनशील मुद्दे पर काम किया।

चयन समिति का निर्णय

इसके अलावा, 2020 में उन्हें गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया और अयोध्या मामले से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई। इसमें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन भी शामिल था, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक संचालित किया। मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय चयन समिति की बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। इस बैठक में ही ज्ञानेश कुमार का नाम मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर फाइनल किया गया।  ज्ञात हो कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त, राजीव कुमार, 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। उनके बाद ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद का कार्यभार संभालेंगे।

Exit mobile version