Dainik Savera Times

अहमदाबाद विमान हादसा: क्रैश हुए विमान में पूर्व CM विजय रुपाणी भी थे सवार

नेशनल डेस्क: गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 बुधवार, 12 जून 2025 को टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा इतना भयानक था कि विमान आग के गोले में बदल गया और आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। इस विमान में पूर्व सीएम विजय रूपाणी के सवार होने की खबरें हैं।

विमान में कितने लोग थे?
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। खबर यह भी है कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे। विमान में जो यात्री सवार थे उनकी लिस्ट भी सामने आई है, और इसमें 12वें नबंर पर विजय रुपाणी का नाम भी शामिल है।

कहां हुआ हादसा?
यह हादसा अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ। विमान एयरपोर्ट की बाउंड्री पार भी नहीं कर पाया और कैंप इलाके में क्रैश हो गया, जो कि सिविल हॉस्पिटल के पास स्थित है। क्रैश के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। साथ ही आसपास की इमारतों को भी नुकसान हुआ है।

एयर इंडिया और DGCA का बयान
एयर इंडिया ने अपने बयान में पुष्टि की है कि “AI171 फ्लाइट आज सुबह अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रही थी, जो टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।” नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी जानकारी दी है कि “विमान में कुल 242 लोग थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सदस्य शामिल थे। हम मामले की जांच कर रहे हैं।”

 

राहत-बचाव का काम जारी
NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 90 जवानों वाली 3 टीमें तुरंत गांधीनगर से रवाना की गईं। वडोदरा से भी 3 और टीमें भेजी जा रही हैं। भारतीय सेना और वायुसेना ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से ली जानकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की है और हालात की जानकारी ली।

Exit mobile version