Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘IPS पूरन कुमार भ्रष्टाचार था’, हरियाणा में ASI ने खुद को मारी गोली; 3 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद

October 14, 2025

‘IPS पूरन कुमार भ्रष्टाचार था’, हरियाणा में ASI ने खुद को मारी गोली; 3 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद

नेशनल डेस्क: हरियाणा के रोहतक जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां साइबर सेल में तैनात ASI संदीप कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज मिला है। पुलिस ने दोनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक एएसआई ने अपने सुसाइड नोट में आईपीएस वाई. पूरन कुमार (जो 7 अक्टूबर को खुदकुशी कर चुके हैं) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एएसआई संदीप ने लिखा कि पूरन कुमार भ्रष्टाचार और जातिवाद फैलाने में शामिल थे और उन्होंने पुलिस सिस्टम को “हाईजैक” कर लिया था।

यह भी पढ़ें:  ‘दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, हर दलित के सम्मान का मामला’, IPS अधिकारी की मौत पर बोले राहुल गांधी

सुसाइड नोट में क्या लिखा था?

एएसआई संदीप ने लिखा कि वे जुलाना (जिला जींद) के रहने वाले हैं और हमेशा सच्चाई के साथ काम किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा और परिवार के अन्य सदस्य देश की सेवा में रहे और उन्हें भगत सिंह से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लिखा कि आज देश और समाज के सामने सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार और जातिवाद है। एएसआई के अनुसार, हरियाणा में कई अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, लेकिन कुछ ईमानदार अफसर भी हैं जिन्होंने व्यवस्था सुधारने की कोशिश की, खासकर वर्तमान DGP, जिन्हें उन्होंने “ईमानदार और निडर” बताया।

पूरन कुमार पर आरोप

संदीप कुमार ने लिखा कि जब आईजी वाई. पूरन कुमार का तबादला रोहतक रेंज में हुआ, तो उन्होंने भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को अपने ऑफिस में तैनात कर लिया और ईमानदार कर्मचारियों का तबादला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरन कुमार ने जातिवाद का माहौल बनाया, कर्मचारियों को डराकर उनसे पैसे वसूले, और महिला पुलिसकर्मियों का यौन शोषण किया। संदीप ने यह भी लिखा कि पूरन कुमार और उनके गनमैन सुशील कुमार व्यापारियों और आम लोगों से भी जबरन पैसे वसूलते थे।

व्यापारी केस का जिक्र

एएसआई ने बताया कि पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ एक व्यापारी ने शिकायत की थी, जिसके पास सीसीटीवी फुटेज और वॉयस रिकॉर्डिंग भी थी। जब इस केस में पूरन कुमार का नाम सामने आया, तो उन्होंने जातीय राजनीति और आयोगों का सहारा लेकर खुदकुशी कर ली ताकि गिरफ्तारी से बच सकें।

यह भी पढ़ें:  ‘कुछ देश अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर रहे’, UNTCC सम्मेलन में बोले राजनाथ सिंह

“भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी शहादत”

अपने नोट के अंत में एएसआई संदीप ने लिखा, “यह सच्चाई और ईमानदारी की लड़ाई है। मैं भ्रष्टाचार और जातिवाद के खिलाफ पहला बलिदान दे रहा हूं। अगर मेरी मौत से सच्चाई सामने आती है, तो मेरी कुर्बानी सफल होगी। हमारे देश और समाज में ईमानदारी की जीत होनी चाहिए।”

बता दें कि आईपीएस वाई. पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर 2025 को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास में खुदकुशी कर ली थी। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि उच्च अधिकारी उन्हें परेशान कर रहे हैं और उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। अब, कुछ ही दिनों बाद, उनके अधीन काम करने वाले एएसआई ने भी आत्महत्या कर ली और अपने सुसाइड नोट में पूरन कुमार पर ही भ्रष्टाचार और जातिवाद फैलाने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस ने एएसआई संदीप कुमार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सुसाइड नोट और वीडियो को फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और अगर कोई दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें