
Delhi Mahila Samman Yojana : दिल्ली में महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू की गई है, जिसका नाम दिल्ली महिला समृद्धि योजना है। इस योजना का शुभारंभ शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
Live from BJP Delhi Mahila Morcha’s Grand Event| International Women’s Day Programme https://t.co/Gadrk4nmhI
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 8, 2025
दिल्ली महिला समृद्धि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया 8 मार्च से शुरू हो गई है। जो भी महिलाएं इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं, वे अब इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। यह योजना उन महिलाओं के लिए बनाई गई है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिनकी मासिक आय कम है। सरकार का उद्देश्य इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
योजना के शुभारंभ के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने महिलाओं को कड़ी मेहनत करते हुए बहुत करीब से देखा है। लेकिन उनकी समस्याओं को समझने वाला कोई नहीं था। उन्होंने कहा कि जब वह संगठन में काम कर रही थीं, तब उन्हें समझ आया कि महिलाओं के लिए संघर्ष करना कितना जरूरी है।
रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि कुछ सरकारें केवल वादे करती थीं लेकिन कभी कुछ किया नहीं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री तो बनीं, लेकिन उनकी कैबिनेट में किसी अन्य महिला को जगह नहीं मिली। उन्होंने आम आदमी पार्टी की भी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ही महिला सांसद का अपमान किया।
रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि यह एकमात्र पार्टी है जिसने महिला सशक्तिकरण को हकीकत में बदला। उन्होंने कहा कि आज देश का बजट अगर निर्मला सीतारमण पढ़ सकती हैं, तो दिल्ली का बजट रेखा गुप्ता भी पढ़ेंगी।
दिल्ली महिला समृद्धि योजना एक नकद सहायता योजना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा करती है। यह योजना दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में घोषित की गई थी।
इससे पहले भाजपा ने मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना और महाराष्ट्र में लड़की बहिन योजना जैसी योजनाएं शुरू की थीं। अब दिल्ली में भी इसी तर्ज पर महिला समृद्धि योजना लाई गई है।
यह योजना उन महिलाओं के लिए एक आर्थिक सहारा बनेगी, जो वित्तीय रूप से कमजोर हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रही हैं।