Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पहलगाम में आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी, यही उनके आकाओं के लिए काल बनी’, गरजे पीएम मोदी

May 31, 2025

‘पहलगाम में आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी, यही उनके आकाओं के लिए काल बनी’, गरजे पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल में हुए ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन’ में देश की बेटियों की वीरता और शक्ति की जमकर तारीफ की। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) की महिला कर्मियों द्वारा किए गए साहसी कार्यों को सराहा और कहा कि इन ‘बहादुर बेटियों’ ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

आकाओं के लिए काल बनी नारी शक्ति
पीएम मोदी ने कहा, ‘सिंदूर हमारी परंपरा है, नारी शक्ति का प्रतीक है। राम रंग में रंगे हनुमान जी ने भी सिंदूर का श्रृंगार किया था। शक्तिपूजा में भी सिंदूर का अर्पण किया जाता है। यह सिंदूर शौर्य का प्रतीक बन गया। पहलगाम में आतंकियों ने सिर्फ भारतीयों का खून ही नहीं बहाया, उन्होंने हमारी संस्कृति पर भी प्रहार कर समाज को बांटने की कोशिश की। आतंकवादियों ने भारत की नारी शक्ति को चुनौती दी है। यह चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि, “ऑपरेशन सिंदूर भारत का अब तक का सबसे बड़ा और सफल आतंकवाद विरोधी अभियान है। इस ऑपरेशन ने ये साफ कर दिया है कि अब भारत आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारेगा और जो आतंकवाद का साथ देंगे, उन्हें भी सजा मिलेगी।”

ऑपरेशन सिंदूर में महिलाओं की भूमिका
पीएम मोदी ने बताया कि जम्मू, पंजाब, राजस्थान और गुजरात जैसे सीमावर्ती इलाकों में बीएसएफ की महिला जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने सीमा पार से होने वाली गोलीबारी का सामना किया, कमांड सेंटर में मोर्चा संभाला, और दुश्मन की चौकियों को तबाह किया। उन्होंने कहा कि इन वीर बेटियों ने असाधारण बहादुरी का परिचय दिया।

सिंदूर अब शक्ति और वीरता का प्रतीक बना
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस ‘सिंदूर’ को हम देवी पूजन में शक्ति का प्रतीक मानते हैं, आज वह देश की बहादुरी और महिला शक्ति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने आतंकवादियों के उस हमले का जिक्र किया जो पहलगाम में हुआ था। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ लोगों पर नहीं बल्कि भारत की संस्कृति और नारी शक्ति पर भी था। लेकिन हमारी बेटियों ने इस चुनौती को एक दुःस्वप्न में बदल दिया।

बेटियों को मिल रहा पूरा हक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब सैनिक स्कूलों में भी बेटियों को दाखिला मिल रहा है। पहले एनसीसी कैडेटों में 25% लड़कियां थीं, अब यह आंकड़ा 50% की तरफ बढ़ रहा है। एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) से पहली बार महिला कैडेटों का बैच पास हुआ है। महिलाएं आज सेना, नौसेना और वायुसेना में अग्रिम मोर्चे पर तैनात हो रही हैं। महिलाएं लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं, और आईएनएस विक्रांत जैसे युद्धपोतों पर सेवा दे रही हैं।

तकनीक और विज्ञान में भी बेटियां आगे
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब महिलाओं को नई तकनीक और विज्ञान से दूर रखा जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। आज ‘नमो ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं से गांवों की महिलाएं ड्रोन तकनीक से खेती कर रही हैं। देश की बेटियां बड़ी संख्या में डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बन रही हैं। भारत के चंद्रयान-3 मिशन में 100 से अधिक महिला वैज्ञानिक और इंजीनियरों ने अहम भूमिका निभाई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें