Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान ने बढ़ते तनाव के बीच अब्दाली मिसाइल का परीक्षण किया, भारत को दी चुनौती

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान ने शनिवार को 450 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली सतह से सतह पर प्रहार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल “अब्दाली” का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण पाकिस्तान के सोनमियानी रेंज में किया गया। माना जा रहा है कि यह परीक्षण पाकिस्तानी सेना के स्ट्रेटेजिक फोर्सेज कमांड (ASFC) के तहत किया गया था, जो पाकिस्तान के परमाणु-सक्षम मिसाइल बलों का संचालन करता है।

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, यह मिसाइल परीक्षण ‘एक्सरसाइज इंडस’ नामक मिलिट्री ड्रिल के तहत हुआ। इस दौरान पाकिस्तानी सेना के प्रमुख अधिकारियों, जैसे कि स्ट्रेटेजिक फोर्स कमांड के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद शाहबाज खान और स्ट्रेटेजिक प्लांस डिवीजन के डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल शहरयार परवेज बट भी मौजूद थे। यह परीक्षण विशेष रूप से पाकिस्तान द्वारा भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच किया गया बल प्रदर्शन माना जा रहा है, खासकर पहलगाम आतंकी हमले के बाद।

पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों की जांच
पाकिस्तानी सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस परीक्षण का उद्देश्य सेना की युद्ध तैयारियों को सुनिश्चित करना और मिसाइल के नेविगेशन सिस्टम समेत उसके तकनीकी मापदंडों की जांच करना था।

भारत और पाकिस्तान की सैन्य शक्ति
ग्लोबल फायरपावर रैंकिंग के मुताबिक, सैन्य शक्ति के मामले में भारत दुनिया में चौथे और पाकिस्तान 12वें स्थान पर है। इसके अलावा, स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार, 2024 में भारत का सैन्य खर्च पाकिस्तान से लगभग 9 गुना अधिक था। भारत ने अपने रक्षा बजट में 1.6% की वृद्धि की है, जो अब 86.1 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान का रक्षा बजट 10.2 बिलियन डॉलर रहा है।

पाकिस्तानी सेना की घबराहट
पाकिस्तानी सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद कई बार मिसाइल परीक्षणों के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन इन परीक्षणों को कभी वास्तविक रूप में नहीं किया गया। 23 अप्रैल को पाकिस्तानी सेना ने मिसाइल परीक्षण का नोटिस जारी किया, लेकिन कोई परीक्षण नहीं हुआ। फिर 26-27 अप्रैल को पाकिस्तानी नौसेना ने कराची के तट पर मिसाइल परीक्षण के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन उस समय भी कोई मिसाइल लॉन्च नहीं की गई। 2 मई को भी पाकिस्तान ने भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन के पास मिसाइल परीक्षण का नोटिस जारी किया, लेकिन इस बार भी कोई परीक्षण नहीं किया गया।

Exit mobile version