Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

त्योहारों में दिखती है भारत की एकता की भावना… मन की बात के 120वें एपिसोड में बोले PM मोदी

March 30, 2025

त्योहारों में दिखती है भारत की एकता की भावना… मन की बात के 120वें एपिसोड में बोले PM मोदी

महाराष्ट्र डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चैत्र नवरात्र, उगादि, विषु पर्व और गुड़ी पड़वा की बधाई दी। पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज बहुत पावन दिन पर मुझे आपसे ‘मन की बात’ करने का अवसर मिला है। आज चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। आज से चैत्र नवरात्र की शुरुआत हो रही है और आज से ही भारतीय नववर्ष का भी आरंभ हो रहा है। इस बार विक्रम संवत 2082 (दो हजार बयासी) शुरू हो रहा है। इस समय मेरे सामने आपकी ढेर सारी चिट्ठियां रखी हुई हैं। कोई बिहार से है, कोई बंगाल से, कोई तमिलनाडु से है, कोई गुजरात से है। इनमें बड़े रोचक तरीके से लोगों ने अपने मन की बातें लिखकर भेजी हैं। कई सारी चिट्ठियों में शुभकामनाएं भी हैं, बधाई संदेश भी हैं, लेकिन आज मेरा मन करता है, कुछ संदेशों को आपको सुनाऊं।‘

उगादि उत्सव की शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कन्नड़ और तेलुगु भाषा में उगादि उत्सव की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, उन्होंने कोंकणी भाषा में संसार पाड़वा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, मराठी भाषा में गुड़ीपड़वा, मलयालम भाषा में विषु पर्व, और तमिल भाषा में नववर्ष (पुथांडु) की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘साथियों, आप ये तो समझ गए होंगे कि अलग-अलग भाषाओं में भेजे गए संदेश हैं, लेकिन क्या आप इसकी वजह जानते हैं? यही तो वो खास बात है, जो आज मुझे आपसे साझा करनी है। हमारे देश के अलग-अलग राज्यों में आज और अगले कुछ दिनों में नववर्ष शुरू हो रहे हैं और ये सभी संदेश नववर्ष और विभिन्न पवरें की बधाइयों के हैं, इसलिए मुझे अलग-अलग भाषाओं में लोगों ने शुभकामनाएं भेजी हैं।‘

पूरा महीना त्योहारों और पवरें का…

पीएम मोदी ने उगादि का जिक्र करते हुए कहा, ‘आज कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में उगादि का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज ही महाराष्ट्र में गुड़ीपड़वा मनाया जा रहा है। विविधता भरे हमारे देश में, अलग-अलग राज्यों में अगले कुछ दिनों में असम में ‘रोंगाली बिहू’, बंगाल में ‘पोइला बोइशाख’, और कश्मीर में ‘नवरेह’ का उत्सव मनाया जाएगा। इसी तरह, 13 से 15 अप्रैल के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में त्योहारों की जबरदस्त धूम दिखेगी। इसे लेकर भी उत्साह का माहौल है और ईद का त्योहार तो आ ही रहा है। यानी ये पूरा महीना त्योहारों और पवरें का है। मैं देश के लोगों को इन त्योहारों की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हमारे ये त्योहार भले ही अलग-अलग क्षेत्रों में हों, लेकिन ये दिखाते हैं कि भारत की विविधता में भी कैसे एकता पिरोई हुई है। इस एकता की भावना को हमें निरंतर मजबूत करते चलना है।‘

PM मोदी ने दिया बच्चों को मंत्र, बोले…

इसके साथ ही पीएम मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ का जिक्र किया। उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियों में मैं और मेरे दोस्त दिनभर कुछ-ना-कुछ उत्पात मचाते रहते थे। पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ के दौरान कहा, ‘जब परीक्षाएं आती हैं, तो युवा साथियों के साथ मैं ‘परीक्षा पे चर्चा’ करता हूं। अब परीक्षाएं हो चुकी हैं, बहुत सारे स्कूलों में तो दोबारा क्लास शुरू होने की तैयारी हो रही है। इसके बाद गर्मी की छुट्टियों का समय भी आने वाला है। साल के इस समय का बच्चों को बहुत इंतजार रहता है।‘

मुझे तो अपने बचपन के दिन याद आ गए …

प्रधानमंत्री ने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा, ‘मुझे तो अपने बचपन के दिन याद आ गए जब मैं और मेरे दोस्त दिनभर कुछ-ना-कुछ उत्पात मचाते रहते थे, लेकिन साथ ही हम कुछ रचनात्मक भी करते थे, सीखते भी थे। गर्मयिों के दिन बड़े होते हैं, इसमें बच्चों के पास करने को बहुत कुछ होता है। यह समय किसी नई हॉबी को अपनाने के साथ ही अपने हुनर को और तराशने का भी है। आज बच्चों के लिए ऐसे प्लेटफॉर्म की कमी नहीं है, जहां वे काफी कुछ सीख सकते हैं। जैसे कोई संस्था टेक्नोलॉजी कैंप चला रही हो, तो बच्चे वहां ऐप बनाने के साथ ही ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर के बारे में जान सकते हैं।‘

हैशटैग माई हॉलीडेज के साथ शेयर करें

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर कहीं पर्यावरण की बात हो, थियेटर की बात हो, या लीडरशिप की बात हो, ऐसे भिन्न-भिन्न विषय के कोर्स होते रहते हैं, तो उससे भी जुड़ सकते हैं। ऐसे कई स्कूल हैं, जो स्पीच या ड्रामा सिखाते हैं, ये बच्चों को बहुत काम आते हैं। इन सबके अलावा आपके पास इन छुट्टियों में कई जगह चल रहे स्वयंसेवी गतिविधियों, सेवा कार्यों से भी जुड़ने का अवसर है। ऐसे कार्यक्रमों को लेकर मेरा एक विशेष आग्रह है। अगर कोई संगठन, कोई स्कूल या सामाजिक संस्थाएं, या तो फिर साइंस सेंटर ऐसी समर एक्टिविटी करवा रहे हों, तो इसे हैशटैग माई हॉलीडेज के साथ जरूर शेयर करें। इससे देश-भर के बच्चे और उनके माता-पिता को इनके बारे में आसानी से जानकारी मिल सकेगी।‘

 मैं आपसे माई-भारत के उस खास कैलेंडर…

पीएम मोदी ने माई-भारत का जिक्र करते हुए कहा, ‘मेरे युवा साथियों, मैं आज आपसे माई-भारत के उस खास कैलेंडर की भी चर्चा करना चाहूंगा, जिसे इस समर वैकेशन के लिए तैयार किया गया है। इस कैलेंडर की एक कॉपी अभी मेरे सामने रखी हुई है। मैं इस कैलेंडर से कुछ अनूठे प्रयासों को साझा करना चाहता हूं। जैसे माई-भारत के स्टडी टूर में आप ये जान सकते हैं कि हमारे ‘जन औषधि केंद्र’ कैसे काम करते हैं। आप वाइब्रेंट विलेज अभियान का हिस्सा बनकर सीमावर्ती गांवों में एक अनोखा अनुभव ले सकते हैं। इसके साथ ही वहां कल्चर और स्पोर्ट्स एक्टिविटी का हिस्सा जरूर बन सकते हैं। वहीं अंबेडकर जयंती पर पदयात्र में भागीदारी कर आप संविधान के मूल्यों को लेकर जागरूकता भी फैला सकते हैं।‘

पीएम मोदी ने बच्चों और माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि बच्चों और उनके माता-पिता से भी मेरा विशेष आग्रह है कि वे छुट्टियों के अनुभवों को हैशटैग हॉलीडे मेमोरीज के साथ जरूर साझा करें। मैं आपके अनुभवों को आगे आने वाली ‘मन की बात’ में शामिल करने का प्रयास करूंगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें