Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

लिवरपूल में फुटबॉल प्रशंसकों पर वाहन चढ़ाने की घटना में अकेला चालक जिम्मेदार, पुलिस ने किया दावा

May 27, 2025

लिवरपूल में फुटबॉल प्रशंसकों पर वाहन चढ़ाने की घटना में अकेला चालक जिम्मेदार, पुलिस ने किया दावा

लंदन: इंग्लैंड की प्रतिष्ठित प्रीमियर लीग चैंपियनशिप में लिवरपूल की जीत के उपलक्ष्य में आयोजित जश्न के बीच एक भयावह हादसे ने जश्न का माहौल मातम में बदल दिया। सोमवार को हुई इस घटना में एक मिनीवैन ने फुटबॉल प्रशंसकों की भीड़ को रौंद दिया, जिसमें चार बच्चों सहित 45 से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई आतंकवादी साजिश नहीं है, और इसमें केवल एक 53 वर्षीय चालक का ही हाथ है, जिसे घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान एक श्वेत पुरुष के रूप में की गई है। पुलिस ने यह जानकारी स्पष्ट रूप से इसलिए साझा की ताकि सोशल मीडिया पर अफवाहों और गलत सूचनाओं का प्रसार रोका जा सके।

-27 लोग अस्पताल में भर्ती, 2 की हालत गंभीर

‘नॉर्थ वेस्ट एयर एम्बुलेंस’ सेवा के अधिकारी डेव किचिन ने बताया कि घायलों में से 27 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा 20 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा देकर छुट्टी दे दी गई।घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक मिनीवैन अचानक भीड़ में घुस जाती है और एक पैदल यात्री को टक्कर मारते हुए अन्य लोगों को रौंदती चली जाती है।

-प्रधानमंत्री का बयान

ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने घटना को “भयावह” करार देते हुए पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मामले की ताजा जानकारी निरंतर दी जा रही है।

-सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन इस बात की समीक्षा कर रहे हैं कि इस तरह के बड़े जश्न के दौरान भीड़ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और क्या कदम उठाए जा सकते हैं। इस दुखद घटना ने यह याद दिला दिया है कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की आवश्यकता कितनी अहम है, ताकि उत्सव का जश्न कभी हादसों में न बदल जाए।

ये भी पढ़ें- क्या 1 अप्रैल से आम जनता को लगेगा महंगाई का झटका? LPG दाम को लेकर आया बड़ा अपडेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें