Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

PUNJAB में आसमान से बरस रही आफतः 100 साल पुराना मकान गिरा, AAP के सभी सांसद-विधायक देंगे एक माह की सैलरी

September 2, 2025

PUNJAB में आसमान से बरस रही आफतः 100 साल पुराना मकान गिरा, AAP के सभी सांसद-विधायक देंगे एक माह की सैलरी

पंजाब डेस्क। मोगा जिले में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। देर रात गांव घलकलां में एक 100 साल पुराना मकान बारिश के कारण गिर गया। यह मकान गुलज़ार सिंह का था। उन्होंने बताया कि बारिश लगातार होने से छत अचानक गिर गई। सौभाग्य से परिवार के लोग उस समय मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे थे, इसलिए कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे से पहले उन्होंने कुछ जरूरी सामान सुरक्षित रख लिया था, लेकिन बाकी सामान मलबे में दब गया। इस घटना में करीब 7-8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों से की अपील
आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब भी देश पर संकट आता है तो पंजाब हमेशा आगे खड़ा रहा है। अब पंजाब खुद मुश्किल में है। उन्होंने देश के लोगों से अपील की है कि इस कठिन समय में पंजाब की हर तरह से मदद करें। आम आदमी पार्टी के सभी सांसद और विधायक अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे।

मंत्री रवजोत सिंह ने दी सालभर की आय
पंजाब सरकार के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपनी एक साल की तनख्वाह दान कर दी है। टांडा दौरे के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को 12 लाख रुपये का चेक सौंपा। डॉ. रवजोत ने कहा कि यह उनकी पूरी सालाना आय है, जिसे उन्होंने राहत कोष में जमा किया है।

तख्त दमदमा साहिब में अरदास
बठिंडा के तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में बाढ़ से राहत और सरबत के भले के लिए अरदास की गई। यहां संगत ने मिलकर पंजाब की भलाई और शांति की प्रार्थना की।

युवराज सिंह का संदेश
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी पंजाब में आई बाढ़ को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब उनका घर और आत्मा है। यहां लोगों को अपना घर, अपने लोग और अपनी उम्मीदें खोते देखना बहुत दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं हर प्रभावित परिवार के साथ हैं और लोग यह जान लें कि वे अकेले नहीं हैं।

राज्यपाल ने फिरोजपुर का दौरा किया
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मंगलवार सुबह फिरोजपुर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ बैठक की और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में समय पर सहायता पहुँचाई जाए और लोगों के पुनर्वास के काम में तेजी लाई जाए।

 

सामान्य से 30% ज्यादा हुई बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब में अभी तक 470 मिमी बारिश हो चुकी है, जोकि इस बार सामान्य से 30% ज्यादा है। विभाग के अनुसार 7 सितंबर तक हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है।

बाढ़ से पंजाब में भारी नुकसान
पंजाब में बाढ़ और बारिश से अब तक 29 लोगों की जान जा चुकी है। 12 जिलों में 2 लाख 56 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा 94,061 हेक्टेयर में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। सबसे ज्यादा नुकसान मानसा जिले में हुआ है, जहां किसानों की फसलें पूरी तरह डूब गईं।

बारिश के मद्देनजर कल तक स्कूल-कालेज बंद
पंजाब में भी बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिस कारण कई जिलों में बाढ के हालात हो गए हैं। इस बीच अब पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में सभी कॉलेज, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है। जारी किए गए निर्देश के मुताबिक, सभी संस्थान 3 सितंबर तक बंद रहेंगे। सरकार ने राज्य भर में लगातार बारिश के मद्देनजर ये फैसला किया है।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें