Dainik Savera Times

Punjab floods: CM मान की बड़ी पहल, बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भेजने के लिए उतारे ड्रोन

पंजाब डेस्क। पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाके प्रभावित हुए हैं। सड़क संपर्क टूट जाने की वजह से कई गांवों में लोग फंसे हुए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में सरकार ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन के जरिए राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरू किया है। जहां सड़कें बंद हैं और नावें भी नहीं जा सकतीं, वहां ड्रोन के माध्यम से लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाई जा रही है। इन ड्रोन के जरिए भेजी जा रही चीज़ों में शामिल हैं।

सूखा राशन, पीने का पानी, दवाइयां, बच्चों के लिए दूध, बुजुर्गों की दवाइयां, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड, टॉर्च और अन्य जरूरी सामान अमृतसर, गुरदासपुर, अजनाला, फाजिल्का और पठानकोट जैसे प्रभावित इलाकों में यह सेवा लगातार चल रही है।

खुद मुख्यमंत्री मान स्थिति पर नजर रख रहे हैं
मुख्यमंत्री खुद लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और प्रशासन को निर्देश दे रहे हैं कि हर जरूरतमंद तक समय पर मदद पहुंचे।

 राहत सामग्री पहुंचाने में लाई गई तेजी
पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को योजनाबद्ध और समय पर अंजाम देने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया है। ड्रोन के जरिए राहत सामग्री पहुंचाना सबसे बड़ी और असरदार पहल साबित हुई है।

पुलिस, प्रशासन, मेडिकल टीमें, एनडीआरएफ, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मिलकर दिन-रात राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। उदाहरण के तौर पर फाजिल्का में पुलिसकर्मी खुद कंधे पर बोरे लादकर राशन पहुंचा रहे हैं। गुरदासपुर और पठानकोट में अधिकारी पानी में उतरकर मेडिकल कैंप चला रहे हैं। अजनाला में प्रशासन ट्रैक्टर और नावों से राहत सामग्री वितरित कर रहा है।

ड्रोन टीमें नि:शुल्क दे रही हैं सेवा
कई ड्रोन 10 से 15 किलोमीटर तक उड़कर उन जगहों तक राहत सामग्री ले जा रहे हैं, जहां लोग कई दिनों से फंसे हुए थे। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क है और यह सरकार की कार्यकुशलता और समाज के सहयोग की मिसाल है।

 

Exit mobile version