Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरात यूनिवर्सिटी में नमाज को लेकर मचा बवाल, छात्रवास में नमाज पढ़ रहे विदेशी छात्रों से मारपीट

March 17, 2024

गुजरात यूनिवर्सिटी में नमाज को लेकर मचा बवाल, छात्रवास में नमाज पढ़ रहे विदेशी छात्रों से मारपीट

अहमदाबाद। अहमदाबाद में लोगों के एक समूह ने गुजरात विश्वविद्यालय के छात्रवास की इमारत में नमाज पढ़ने के लिए विभिन्न देशों के छात्रों से कथित तौर पर मारपीट की, जिनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार रात को हुई इस घटना के बाद श्रीलंका और ताजिकिस्तान के एक-एक छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक ने बताया कि 20 से 25 लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है और घटना की जांच के लिए सुरक्षार्किमयों के नौ दल गठित किए गए हैं।

मलिक ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर मिली जब करीब 20-25 लोग गुजरात विश्वविद्यालय के छात्रवास में घुस गए और उन्होंने अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान तथा अन्य देशों के छात्रों के छात्रवास में नमाज पढ़ने पर आपत्ति जतायी। उन्होंने बताया कि गुजरात विश्वविद्यालय में अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान, श्रीलंका और अफ्रीकी देशों के छात्रों समेत करीब 300 अंतरराष्ट्रीय छात्र पंजीकृत हैं। करीब 75 अंतरराष्ट्रीय छात्र विश्वविद्यालय के ए-ब्लॉक छात्रवास में रहते हैं जहां यह घटना हुई।

मलिक ने बताया, ‘‘करीब 20-25 लोग छात्रवास के परिसर में घुसे और उन्होंने वहां अंतरराष्ट्रीय छात्रों के नमाज पढऩे पर आपत्ति जताते हुए उनसे मस्जिद में नमाज पढऩे के लिए कहा। उनकी इस मुद्दे पर बहस हुई और उन्होंने उनसे मारपीट की तथा पथराव किया।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने नियंत्रण कक्ष को 10:51 मिनट पर सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर कार्रवाई की। पुलिस की एक वैन घटनास्थल पर पहुंची और कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि दो छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जो श्रीलंका तथा ताजिकिस्तान से हैं।

मलिक ने बताया कि 20-25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हालात काबू में हैं। उन्होंने बताया कि मामले की निगरानी संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें