Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रचंड जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार, अंतिम नतीजों के बाद सीएम पद पर फैसला : Vinod Tawde

November 23, 2024

प्रचंड जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार, अंतिम नतीजों के बाद सीएम पद पर फैसला : Vinod Tawde

Vinod Tawde : महाराष्ट्र चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि महाराष्ट्र में मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-महायुति को शानदार जीत दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए मैं प्रदेश की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार ने मिलकर प्रभावी ढंग से काम किया है। उन्होंने मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ा है, जिसके नतीजे हम सबके सामने हैं। हम सरकार बनाने जा रहे हैं।

प्रदेश का विकास डबल इंजन की सरकार की प्राथमिकता है। जनता के जनादेश से यह बात साफ हो गई कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को बड़े पैमाने पर मिला है। जनता की बुनियादी जरूरतों के मद्देनजर हमारी सरकार ने बेहतर काम किया है। उद्धव ठाकरे का कांग्रेस के साथ जाना जनता ने पसंद नहीं किया इसलिए उनको सिरे से खारिज कर दिया है। 2019 में शरद पवार ने उद्धव ठाकरे और भाजपा का गठबंधन तोड़ने का काम किया था। बालासाहेब ठाकरे के मतदाताओं को यह पसंद नहीं आया।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-महायुति को मिल रहा यह प्रचंड जनादेश इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जनता के मन में मोदी हैं और सभी को अपने प्रधान सेवक पर अटूट विश्वास है। साथ ही विभिन्न उपचुनावों में एनडीए को मिल रहा बहुमत भी भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहे है। मेरा मानना है कि भाजपा और पीएम मोदी पर देश और प्रदेश की जनता का भरोसा अभी भी कायम है।

उन्होंने कहा कि जहां तक सीएम का सवाल है, एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व मिलकर जो फैसला करेगा वो सभी के लिए मान्य होगा। अंतिम नतीजों के बाद तीनों दल एक साथ बैठेंगे और फैसला करेंगे कि प्रदेश का सीएम कौन होगा। आज महायुति अपनी जीत का जश्न मना रही है और राज्य के लोगों का आभार व्यक्त कर रही है। मैं समाज के सभी वर्गों और महायुति पार्टयिों के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।

वहीं महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज मैं महाराष्ट्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं क्योंकि ये जीत ऐतिहासिक है। मैंने कहा था कि महायुति को भारी बहुमत मिलेगा। मैं अपनी लाडली बहनों, किसानों और सभी वर्गों का धन्यवाद करता हूं। महायुति ने जो काम किया है, जनता ने उस पर वोट दिया है। इसलिए महायुति को इतनी बड़ी जीत हासिल हुई है। मैं महाराष्ट्र की जनता और महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने बहुत ही बढ़िया काम किया है और महायुति को जिताया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें