नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में पार्टी के मुख्य व्हिप (मुख्य सचेतक) के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह फैसला अपनी ही पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा के साथ चल रहे विवाद के कारण लिया।
इससे पहले, TMC प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में एक वर्चुअल बैठक हुई थी। इस बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी सांसदों के बीच आपसी तालमेल की कमी है। इसके बाद कल्याण बनर्जी ने यह मानते हुए कि इसमें उनकी गलती हो सकती है, अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
कल्याण बनर्जी ने कहा, “दीदी (ममता बनर्जी) ने बैठक में कहा कि सांसदों के बीच समन्वय की कमी है, और इसका जिम्मा मुझ पर आता है। इसलिए मैंने खुद को जिम्मेदार मानते हुए मुख्य व्हिप पद से इस्तीफा दे दिया है।”
कल्याण बनर्जी पश्चिम बंगाल की श्रीरामपुर सीट से चार बार सांसद रह चुके हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में माने जाते हैं। हाल ही में उनका विवाद पार्टी की दूसरी सांसद महुआ मोइत्रा से हुआ था। इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर और पार्टी सांसद कीर्ति आजाद से भी उनका टकराव हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले से ही महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी के बीच लोकसभा में बोलने के समय (फ्लोर टाइम) को लेकर तनाव चल रहा था। महुआ चाहती थीं कि उन्हें संसद में ज़्यादा बोलने का मौका मिले, लेकिन उन्हें यह मौका कई बार नहीं दिया गया। महुआ का मानना था कि कल्याण बनर्जी जानबूझकर उन्हें बोलने नहीं दे रहे हैं।
इस बात को लेकर महुआ काफी नाराज़ हो गईं। जानकारी के अनुसार, उन्होंने कल्याण बनर्जी और उनकी बेटी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया। एक बार महुआ ने कल्याण को बंगाली में “छोटो लोक” (मतलब: नीच आदमी) कह दिया था, जिससे वे बहुत आहत हुए।