Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

VIDEO : मूसलाधार बारिश से पानी-पानी हुई मायानगरी, स्कूल-कॉलेज बंद, रेड अलर्ट जारी

August 18, 2025

VIDEO : मूसलाधार बारिश से पानी-पानी हुई मायानगरी, स्कूल-कॉलेज बंद, रेड अलर्ट जारी

मुंबई। देश भर में इस समय बारिश का दौर चल रहा है। कहीं बादल फट रहे है तो कहीं भारी बारिश से बाढ़ का कहर जारी है। इसी बीच सोमवार सुबह मुंबई के लोगों की नींद तेज बारिश की आवाज से खुली। शहर में लगातार तीसरे दिन जोरदार बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए “रेड अलर्ट” जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले दो दिनों तक बेहद भारी बारिश हो सकती है।

बीएमसी ने स्कूल-कॉलेज किए बंद
बारिश और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने स्कूल और कॉलेज बंद करने का ऐलान किया है। खासकर दोपहर बाद की पाली वाले स्कूल और कॉलेज में छुट्टी रहेगी। बीएमसी ने सोशल मीडिया पर लिखा “लगातार हो रही बारिश और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहर की शिफ्ट वाले सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।”

 

शहर की सड़कें बनीं तालाब
तेज बारिश से मुंबई की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। अंधेरी सबवे और लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स जैसे निचले इलाकों में पानी भर गया। वाकोला ब्रिज, हयात जंक्शन और खार सबवे में भी पानी जमा हो गया। अंधेरी उपमार्ग पूरी तरह पानी में डूब गया, जिस कारण इसे बंद कर दिया गया।

भारी बारिश से वाहनों की थमी रफ्तार
भारी पानी भरने की वजह से गाड़ियों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम भी लगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि अंधेरी उपमार्ग बंद होने के बाद अब ट्रैफिक ठाकरे ब्रिज और गोखले ब्रिज से मोड़ा जा रहा है। ड्राइवरों को बारिश की वजह से गाड़ी चलाने में मुश्किलें आईं, विज़िबिलिटी (दिखाई देना) भी कम हो गया।

लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें भी बारिश से प्रभावित हुईं। ट्रेनें करीब 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। कुर्ला और तिलक नगर स्टेशनों के बीच ट्रैक चेंजिंग प्वाइंट फेल होने से हार्बर लाइन पर सेवाएं प्रभावित हुईं। अच्छी बात ये है कि अभी तक कोई सेवा पूरी तरह बंद नहीं हुई।

हवाई यात्रियों के लिए सलाह
भारी बारिश और ट्रैफिक को देखते हुए अकासा एयर और इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए ज्यादा समय लेकर निकलें। कई रास्तों पर भारी ट्रैफिक देखा गया है।

बारिश का आंकड़ा
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में सांताक्रूज में 99 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कोलाबा में 38 मिलीमीटर बारिश हुई।

प्रशासन की ओर से लगातार बचाव कार्य जारीः मंत्री गिरीश महाजन
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने मुंबई में हो रही भारी बारिश पर कहा, “राज्य में भारी बारिश हो रही है। कल दोपहर से ही बारिश शुरू हो गई थी। 5-6 जिले ऐसे हैं जहां बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट है। नांदेड़ में भारी बारिश हुई है, जलमग्न इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है। SDRF की टीमें भी बुलाई गई हैं, प्रशासन की ओर से काम जारी है… 4-5 लोग लापता हैं लेकिन उनकी तलाश जारी है… हम हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। लोगों के खाने-पीने का भी इंतजाम किया गया है।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें