Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने बिहार के किसानों के लिए दी कई सौगातें

September 18, 2024

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने बिहार के किसानों के लिए दी कई सौगातें

नई दिल्ली : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिहार के किसानों के लिए अनेक सौगातें दी। बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडे की केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ कृषि भवन, दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक में किसान हितैषी निर्णय लिए गए। केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बिहार के कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने और किसानों की सुविधा सहूलियत के लिए बिहार स्थित कृषि भवन में एपीड़ा का आफिस खोलने के निर्णय पर एपीड़ा के सीएमडी द्वारा सहमति व्यक्त की गई।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में किसानों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। इसके तहत उन्होंने हाईब्रीड उन्नत बीजों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए, साथ ही राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में अधिक आवंटन के लिए बिहार की मांग पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए, साथ ही इस योजना की बिहार के लिए दूसरी किश्त जारी कर दी गई।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि बिहार का कृषि क्षेत्र में अच्छा परफार्मेंस है, इस आधार पर कृषोन्नति योजना के लिए अधिक राशि के आवंटन के लिए भी उन्होंने बैठक में ही निर्देशित किया। इसके अलावा, गेहूं के लिए अधिक आधार बीज उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए और कृषि यांत्रिकरण के लिए अधिक राशि उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के बिहार स्थित क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान व बीज उत्पादन केंद्र को आवश्यकतानुरूप अत्याधुनिक बनाया जाएगा, जिसके लिए शिवराज सिंह ने अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।

साथ ही लीची के लिए प्रसिद्ध बिहार में लीची एवं शहद उत्पादक किसानों की सहायता के लिए भी उन्होंने दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके साथ ही एनआरसी मखाना का सशक्तिकरण करने का निर्णय लिया गया। बिहार के किसानों को इन सबसे काफी लाभ होगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में कृषि एवं किसान कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेकानेक कदम उठाए जा रहे हैं, इसी कड़ी में बिहार राज्य के किसानों के लिए भी हरसंभव कदम उठाए गए है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें